जो वायदे किए, उससे भी ज्यादा काम किए, विधानसभा के संकल्प पत्र के 78 फीसदी वायदे पूरे : भजनलाल शर्मा

भाजपा ने निकाय चुनाव के लिए जारी किया ‘नगर निकाय संकल्प पत्र-सशक्त शहर, समृद्ध राजस्थान’

जो वायदे किए, उससे भी ज्यादा काम किए, विधानसभा के संकल्प पत्र के 78 फीसदी वायदे पूरे : भजनलाल शर्मा
भाजपा ने निकाय चुनाव के लिए ‘सशक्त शहर, समृद्ध राजस्थान’ संकल्प पत्र जारी किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अगले पांच वर्षों में बिजली, पानी, सड़क, पार्किंग, कचरा निस्तारण और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने का रोडमैप बताया। 7 लाख घरों में सीएनजी, एक लाख आवास, 3 हजार पुरानी पाइपलाइन बदलने और 1150 ई-बसें लाने का लक्ष्य।

जयपुर। भाजपा ने निकाय चुनाव के लिए अपना ‘नगर निकाय संकल्प पत्र-सशक्त शहर, समृद्ध राजस्थान’ जारी किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और संकल्प पत्र समिति के संयोजक एवं सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने मीडिया से रूबरू होकर संकल्प पत्र जारी किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि घोषणा पत्र घोषणा के लिए होता है, जबकि संकल्प पत्र काम करने का संकल्प होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि विकसित भारत की कल्पना नगरों और शहरों से निकलती है। इसी सोच के साथ नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए अगले पांच साल का संकल्प पत्र जनता के सामने रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 32 माह में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भाजपा सरकार में आई थी, तब भी संकल्प पत्र के साथ जनता के बीच गई थी। उस संकल्प पत्र के 78 फीसदी वायदे पूरे किए जा चुके हैं। हमने जो कहा, वह करके दिखाया है और वायदों को लगातार पूरा कर रहे हैं। जो विषय संकल्प पत्र में लिए गए थे, उन पर काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निकाय चुनाव को दो से ढाई साल तक खींचकर रखा। हर साल आचार संहिता लगती थी। भाजपा ने ‘एक राज्य, एक चुनाव’ का संकल्प लिया था, ताकि बार-बार आचार संहिता नहीं लगे और जनता का पैसा व समय चुनावी प्रक्रिया में बर्बाद न हो। इसी के तहत एक साथ चुनाव कराए जा रहे हैं।

Read More राजस्थान के बांधों में 57.70 प्रतिशत पानी, जोनवार स्थिति में बड़ा अंतर

बिजली, पानी और सड़क सहित सभी क्षेत्रों में विकास का रोडमैप :

Read More डग तहसील में किशन नगर लघु सिंचाई परियोजना को मिलेगी गति, 64 हेक्टेयर से अधिक भूमि होगी अवाप्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी पांच वर्षों में बिजली, पानी, सड़क सहित सभी क्षेत्रों के विकास को संकल्प पत्र में शामिल किया गया है। गांव और शहर दोनों क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। निकायों की आवश्यकता के अनुसार सर्वे कराया जा रहा है। ग्राम विकास योजना के आधार पर आगामी 20 वर्षों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा रही हैं।

Read More निलंबन बहाली के मामलों पर मुख्य सचिव ने की समीक्षा, विभागीय जांच में तेजी और नियमानुसार कार्रवाई के दिए निर्देश

उन्होंने कहा कि सभी क्षेत्रों में रिंग रोड का प्रावधान किया गया है और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर काम हो रहा है। रिंग रोड के आसपास गोदाम विकसित किए जाएंगे, ताकि वहां से शहरों में माल की आपूर्ति की जा सके। सरकार आगामी दशकों को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। योजना पांच साल के लिए बनती है, लेकिन जब पूरी होती है तो कई बार वह भी कम पड़ जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में दो साल के कामकाज का विवरण दिया गया था। कांग्रेस से भी उसके पांच साल के कामों का विवरण देने को कहा गया था, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि ढाई साल में संकल्प पत्र में किए गए वायदों से अधिक काम किए गए हैं और आगे भी संकल्प पत्र से ज्यादा काम किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नगरीय विकास में सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी। सांसदों और विधायकों को सालाना पांच करोड़ रुपए मिलते हैं, जबकि सरकार ने प्रत्येक को 28 करोड़ रुपए दिए हैं। पांच साल में जहां 25 करोड़ रुपए मिलते हैं, वहीं ढाई साल में ही इससे अधिक राशि उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामसेतु जल परियोजना और यमुना जल परियोजना पर काम चल रहा है। राजस्थान बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो गया है और पिछले चार माह से दूसरे राज्यों को बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी दो-तीन माह में ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत 12 लाख करोड़ रुपए के निवेश के काम धरातल पर आने लगेंगे।

उन्होंने कहा कि चार लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा और एक साथ निकाय चुनाव कराए जा रहे हैं। कांग्रेस ने कहा था कि यह काम संभव नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे करके दिखाया है। अब राजस्थान विकसित राजस्थान की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- युवाओं के साथ किया धोखा :

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की स्थिति खराब की और युवाओं के साथ धोखा किया। भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। निकायों का पुनर्गठन कर उन्हें दो-दो निकायों में बांटा गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नियम बनाकर वार्डों का पुनर्गठन किया है।

उन्होंने कहा कि ‘हरियाली राजस्थान’ अभियान के तहत 24 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। जयपुर में मेट्रो के विस्तार और 1150 ई-बसें लाने की दिशा में काम किया जा रहा है। नए जिले भी जुड़ेंगे।

7 लाख घरों में सीएनजी, पुरानी पाइपलाइनें बदली जाएंगी :

मुख्यमंत्री ने संकल्प पत्र की घोषणाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सात लाख घरों में सीएनजी की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। निकाय क्षेत्रों में एक लाख आवास उपलब्ध कराने, पार्किंग स्थलों और चौराहों के विकास तथा कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 20 साल पुरानी और खराब हो चुकी पाइपलाइनों को बदला जाएगा। करीब तीन हजार पुरानी पाइपलाइनों को बदलने का लक्ष्य है। निराश्रित लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी और ई-चार्जिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। अभय कमांड सेंटरों को एआई से जोड़ा जाएगा। ई-बसों के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनिंदा शहरों में डिस्टर्ब एरिया एक्ट लागू किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक निकाय में आरक्षित वर्गों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि शहरों के साथ गांवों का विकास भी लगातार जारी रहेगा।

जो कहते हैं, करके दिखाते हैं : मदन राठौड़

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र हमारा संकल्प है। इसमें आगामी पांच वर्षों में निकाय क्षेत्रों में किए जाने वाले विकास कार्यों का रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। निकायों में विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गारंटी पर जनता को भरोसा है। यह संकल्प पत्र समग्र राजस्थान को विकसित बनाने का रोडमैप है और इसे आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है।

राठौड़ ने कहा कि समाज में जागृति होनी चाहिए। कांग्रेस ने पांच साल में जितना काम किया, भाजपा सरकार ने अपने आधे कार्यकाल में ही उससे अधिक काम कर दिए हैं।

Post Comment

Comment List

Latest News

लंबित शिकायतों पर रेखा गुप्ता सख्त, बोलीं- जनता को कार्यालयों के न लगवाएं चक्कर लंबित शिकायतों पर रेखा गुप्ता सख्त, बोलीं- जनता को कार्यालयों के न लगवाएं चक्कर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनसुनवाई में दिल्लीवासियों की शिक्षा, जलभराव, सीवर, बिजली सुरक्षा, सफाई, अवैध निर्माण और लंबित पुरस्कार राशि...
सरकारी बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों की कमी : वाहनों का ईंधन खर्च बेलगाम, 4 साल में पेट्रोल-डीजल पर फूंके 92 करोड़
राजस्थान में सिगवर्क का 630 करोड़ का निवेश, भिवाड़ी बनेगा वैश्विक रणनीतिक हब
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर बोला हमला, 3000 रुपये मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन की उठाई मांग
पंजाब को दलाली का प्रदेश बनाने वाले मान दें इस्तीफा : पावन धरती को भ्रष्टाचारी की धरती में बदला, भाटिया ने कहा- भ्रष्टाचार का प्रतीक बने केजरीवाल
जन्माष्टमी पर गोविंद देव जी जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी डिजिटल सुविधा, क्यूआर कोड स्कैन करते ही पार्किंग, डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग की जानकारी एक जगह
कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में घायल शख्स की मौत, मृतकों की संख्या 13 हुई