रेलवे ने स्थगित किया आरयूबी निर्माण का ब्लॉक, 7 ट्रेनें अब नहीं होंगी प्रभावित
आशापुरा गोमट-पोकरण रेलखंड पर यात्रियों को राहत
जयपुर। जोधपुर मंडल के आशापुरा गोमट-पोकरण रेलखंड पर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के लिए प्रस्तावित ब्लॉक रेलवे ने स्थगित कर दिया है। समपार फाटक संख्या 89-ए पर होने वाले निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक नहीं लिए जाने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। इसके चलते पूर्व में प्रभावित घोषित की गई सात रेलसेवाओं का संचालन अब निर्धारित मार्ग और समय-सारणी के अनुसार ही होगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ब्लॉक स्थगित होने के कारण पूर्व में जारी ट्रेनों के संचालन संबंधी बदलाव अब लागू नहीं होंगे। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान मार्ग परिवर्तन, आंशिक रद्दीकरण या अन्य असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
रेलवे के अनुसार, 19 नवंबर को साबरमती-जैसलमेर ट्रेन संख्या 20492 और काठगोदाम-जैसलमेर ट्रेन संख्या 15014 यथावत चलेंगी। वहीं 20 नवंबर को जैसलमेर-भगत की कोठी (74843 व 74844), जैसलमेर-लालगढ़ (14703), लालगढ़-जैसलमेर (14704) और जैसलमेर-साबरमती (20491) रेलसेवाएं अपने निर्धारित समय और मार्ग से संचालित होंगी। इस निर्णय से जैसलमेर सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी।

Comment List