पुनर्मतदान ने बदली चार वार्डों की तस्वीर, चारों सीटें कांग्रेस के खाते में
वार्ड 18 में कांग्रेस की वंदिता शर्मा 181 मतों से विजयी
जयपुर। नगर निगम जयपुर के चार वार्डों में पुनर्मतदान के बाद गुरुवार को हुई मतगणना के साथ ही 150 वार्डों के चुनाव परिणाम की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई। वार्ड संख्या 09, 18, 25 और 34 के पांच मतदान केन्द्रों पर 16 सितम्बर को हुए पुनर्मतदान के बाद परिणाम जारी किए गए। चारों वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि वार्ड 9 से कांग्रेस की कैलाशी ने 764 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वार्ड 18 में कांग्रेस की वंदिता शर्मा 181 मतों से विजयी रहीं। वार्ड 25 से रेखा देवी ने 397 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 34 में कांग्रेस के सुरेश यादव ने 149 मतों से जीत हासिल की।
इन चार परिणामों के साथ नगर निगम जयपुर के सभी 150 वार्डों में विजेताओं की स्थिति स्पष्ट हो गई। अंतिम परिणाम में भाजपा ने 78 वार्डों में जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। कांग्रेस के खाते में 57 वार्ड आए, जबकि 15 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
पुनर्मतदान वाले चार वार्डों के नतीजों पर पूरे चुनाव के दौरान नजर बनी हुई थी। मतगणना पूरी होने के साथ अब निगम की नई तस्वीर सामने आ गई है।

Comment List