प्रतिबिंब पोर्टल से हुआ खुलासा, जयपुर रेंज में 1 जनवरी 2025 तक साइबर ठगों ने 166 करोड़ रुपए ठगे
साइबर क्राइम करने वालों के जयपुर शहर में 42 ठिकाने
अपराधियों के परिजनों की समझाइश की जाएगी और साथ ही साइबर ठगों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
जयपुर। साइबर क्राइम करने वालों ने जयपुर शहर में 42 ठिकाने बना रखे हैं। इसका खुलासा जयपुर रेंज पुलिस की ओर से की गई जांच में हुआ। पुलिस ने जांच का आधार प्रतिबिंब पोर्टल को माना है। प्रदेश में साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत प्रदेशभर की पुलिस लगातार साइबर अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी के तहत जयपुर रेंज पुलिस की ओर से प्रतिबिंब पोर्टल के जरिए की गई कार्रवाई में खुलासा हुआ कि साइबर अपराधियों की 42 संदिग्ध लोकेशन जयपुर कमिश्नरेट के जिलों की मिली है। जयपुर रेंज के आठ जिलों ने प्रतिबिंब पोर्टल के जरिए 1453 अपराधियों को चिन्हित कर 50 मुकदमे दर्ज किए। इसके तहत 88 साइबर अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है। यदि बरामदगी की बात करें तो 1 बोलेरा, 1 बाइक, 1 बलेनो कार, 128 मोबाइल, 189 सिम, 8 लेपटॉप, 169 एटीएम कार्ड, 5 क्रेडिट कार्ड, 5 मोबाइल चार्जर, 32 बैंक पास बुक, 27 चैक बुक, 3 फर्जी स्टाम्प, 10 सेविंग अकाउंट किट, 25 आधार कार्ड, 7 पेन कार्ड, वाई फाई डोंगल-3 समेत अन्य सामान समेत 216250 नकद बरामद किए।
598 मोबाइल मालिकों को सौंपे : जयपुर रेंज पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लोगों के खोए हुए 847 मोबाइल में से 687 मोबाइल बरामद कर लिए। इनमें से 598 मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए हैं। मोबाइल गुम होने पर उसकी एन्ट्री सीईआईआर पोर्टल पर अवश्य करें। दो लाख से अधिक लोगों को किया जागरूक : जयपुर रेंज में हुए साइबर अपराध को रोकने के लिए पुलिस ने अलग-अलग प्रयास कर दो लाख 3 हजार 735 लोगों को जागरूक किया। इसके लिए पूरी रेंज में 3041 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेंज के आठ जिलों में 5096 पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्य, साइबर वॉलिन्टियर्स ने साइबर जागरूकता अभियान चलाए गए।
एक नजर में जयपुर रेंज साइबर अपराध
जयपुर रेंज में एक जनवरी 2025 तक 40302 शिकायतें प्राप्त हुर्इं।
रेंज में 17162 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
रेंज में 20730 लम्बित शिकायत रहीं।
साइबर अपराध की 237 शिकायतें दर्ज की गई।
एक जनवरी 2025 तक जयपुर रेंज में 1 अरब 66 करोड़ 77 लाख 96 हजार 450 रुपए का फ्रॉड किया गया।
एक जनवरी 2025 तक 19 करोड़ 83 लाख 96 हजार 534 रुपए होल्ड कराए गए।
रेंज में छह करोड़ 37 लाख 31 हजार 587 रुपए परिवादियों को वापस दिलवाए गए।
साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शील्ड के तहत साइबर ठगों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसके तहत साइबर ठगोें से जुड़े गांवों में जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अपराधियों के परिजनों की समझाइश की जाएगी और साथ ही साइबर ठगों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
-अजय पाल लाम्बा, आईजी रेंज जयपुर
Comment List