राज्य युद्ध पुस्तक होगी अपडेट, काउंटर-ड्रोन तकनीक से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने 'प्रबल 3.0' काउंटर-ड्रोन प्रणाली का प्रदर्शन
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में मंगलवार को शासन सचिवालय में ‘राज्य युद्ध पुस्तक’ (स्टेट वार बुक) एवं सिविल-मिलिट्री कोऑर्डिनेशन कमेटी की समीक्षा बैठक हुई। दक्षिण-पश्चिमी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत भी बैठक में मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों और बदलती सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नागरिक प्रशासन और सेना के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने राज्य युद्ध पुस्तक को नियमित रूप से अपडेट करने तथा इसमें सभी स्तरों पर कमान, नियंत्रण, जिम्मेदारियों और आवश्यक सूचनाओं को स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में जयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर और भरतपुर सहित विभिन्न जिलों में रक्षा भूमि से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद सेना के अधिकारियों ने ‘प्रबल 3.0’ ड्रोन जैमर एवं काउंटर-ड्रोन प्रणाली का प्रदर्शन किया।
मुख्य सचिव ने सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए अवैध गतिविधियों और तस्करी रोकने में इसके प्रभावी उपयोग तथा पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, स्थानीय वॉलंटियर्स एवं पूर्व सैनिकों के डेटा बैंक, तथा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और अग्निवीरों के रोजगार व आरक्षण संबंधी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

Comment List