राजधानी को मिली ई-बसों की सौगात : मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी, प्रदूषण नियंत्रण और सुगम परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को राजधानी जयपुर से जयपुर शहर के लिए 29 तथा भीलवाड़ा के लिए 18 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से आमजन को बेहतर, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि ई-बसों के संचालन से ईंधन की बचत होगी और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही महिलाओं और आम यात्रियों की सार्वजनिक परिवहन पर निर्भरता और सुविधा दोनों में वृद्धि होगी। राज्य सरकार शहरों में आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में गोपाल शर्मा, कालीचरण सराफ, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। नई ई-बसों के संचालन से जयपुर और भीलवाड़ा शहरों में यात्रियों को आरामदायक और प्रदूषण मुक्त यात्रा का विकल्प मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसें शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूती देने के साथ ही हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

Comment List