शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर नौकरी पाने वाला गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
अभ्यर्थी सुरेश विश्नोई ने आवेदन किया था
जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से 25 दिसंबर 2022 को आयोजित शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास करने और सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में एसओजी ने एक आरोपी बीरबल राम विश्नोई (26) निवासी राजीव नगर सांचौर जालौर को गिरफ्तार किया है। एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 के लिए अभ्यर्थी सुरेश विश्नोई ने आवेदन किया था। जांच में सामने आया कि सुरेश ने अपने स्थान पर अपने छोटे भाई बीरबल राम विश्नोई को डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा में बैठाया था। बीरबल ने सुरेश के स्थान पर परीक्षा देकर उसे उत्तीर्ण कराया। इसके बाद सुरेश का सरकारी शारीरिक शिक्षक के पद पर चयन हो गया और उसने नौकरी भी प्राप्त कर ली।
मामले में शिकायत मिलने के बाद एसओजी ने जांच शुरू की। इस संबंध में एसओजी थाना जयपुर में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया। जांच के दौरान सुरेश विश्नोई को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अब डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने वाले उसके छोटे भाई बीरबल राम विश्नोई को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया है।

Comment List