जयपुर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पार्षद वार्डों में विकास की रूपरेखा बनाएं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
नव-निर्वाचित पार्षदों से सीएम भजनलाल शर्मा का संवाद
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर जयपुर नगर निगम चुनाव में नव-निर्वाचित भाजपा पार्षदों एवं पार्टी प्रत्याशियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 138वां एपिसोड सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सभी पार्षदों से संवाद करते हुए उन्हें आमजन से निरंतर जुड़ाव बनाए रखने और पूरी ताकत के साथ विकास कार्यों में जुटने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि निकायों का तीसरा इंजन भी विकास की इस प्रक्रिया से जुड़ गया है, जिससे विकास का लाभ अंतिम छोर तक और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
शर्मा ने कहा कि हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। अब जयपुर शहर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की जिम्मेदारी नवनिर्वाचित पार्षदों की है। पार्षद अपने-अपने वार्ड में विकास कार्यों की स्पष्ट रूपरेखा तैयार कर पूरी ताकत के साथ उसे धरातल पर उतारें।
मुख्यमंत्री ने पार्षदों से कहा कि वे अपनी कार्यशैली के माध्यम से वार्ड के प्रत्येक घर तक प्रभावी जुड़ाव स्थापित करें और आमजन के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहें। उन्होंने पार्टी को और मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में वन स्टेट-वन इलेक्शन का जो वादा किया था, उसे पूरा करके दिखाया है। उन्होंने यह भी कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी के सभी प्रत्याशियों को आगामी पंचायतराज चुनावों में जिम्मेदारी दी जाएगी।
इस अवसर पर जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, नवनिर्वाचित पार्षद एवं पार्टी प्रत्याशी मौजूद रहे।

Comment List