एशियाई देशों के बीच प्रशासनिक संवाद को मजबूत करने की पहल करेंगे वी. श्रीनिवास, सियोल में IIAS के वार्षिक सम्मेलन के पहले दिन की अध्यक्षता
चीन में अगला सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव एवं इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास ने एशियाई देशों के बीच प्रशासनिक अनुभवों और सुशासन की बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के लिए विशेष संवाद स्थापित करने की पहल की है। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित IIAS के वार्षिक सम्मेलन के पहले दिन उन्होंने भारत, चीन, दक्षिण कोरिया और जापान के प्रशासनिक विशेषज्ञों एवं शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाने का प्रस्ताव रखा। श्रीनिवास ने एशियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन को संबोधित करते हुए एशियाई मॉडल के शासन और लोक प्रशासन को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
उन्होंने चीन की एकेडमी ऑफ पर्सनल साइंस के उपाध्यक्ष ली जियानझोंग के साथ द्विपक्षीय बैठक में भविष्य का IIAS सम्मेलन चीन में आयोजित करने का प्रस्ताव भी दिया। बैठक में उन्होंने भारत के मिशन कर्मयोगी, आधार, यूपीआई, ई-ऑफिस और ऑनलाइन जन शिकायत निवारण प्रणाली के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सुशासन केंद्र 40 से अधिक देशों के 5,200 से ज्यादा सिविल सेवकों को प्रशिक्षण दे चुका है। श्रीनिवास ने सम्मेलन के पहले दिन IIAS की काउंसिल ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन और जनरल असेंबली की अध्यक्षता भी की। 20 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन की थीम 'ग्रोथ फॉर सोसायटी' है।

Comment List