सोशल मीडिया पर वायरल महिला उत्पीड़न मामला : पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लापरवाही पर दो कर्मी निलंबित
जयपुर छेड़छाड़ मामला: पुलिस का एक्शन, लापरवाह कर्मी निलंबित
जयपुर पुलिस ने गर्भवती महिला से छेड़छाड़ मामले में सख्त रुख अपनाया है। विशेष टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और रूट मैप तैयार किया गया है। प्रारंभिक जांच में ढिलाई बरतने पर दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
जयपुर। सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की गंभीर घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एक्शन मोड में कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले में जहां एक ओर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है, वहीं दूसरी ओर प्रारंभिक जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जांच में सामने आया कि यह घटना 25 मार्च 2026 को जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र के सेक्टर-9 में शाम करीब 6:10 बजे हुई थी। पीड़िता, जो कि गर्भवती महिला है, ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि एक अज्ञात युवक ने पीछे से आकर उसे पकड़ लिया, गलत तरीके से छुआ और छेड़छाड़ की। महिला के विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपी ने पत्थर उठाकर डराने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। इस संबंध में 26 मार्च 2026 को थाना जवाहर सर्किल में मामला दर्ज किया गया ।
जांच और पुलिस की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेज करते हुए इसे थाना प्रभारी स्तर पर स्थानांतरित किया गया। साथ ही: डीएसटी (जिला स्पेशल टीम) जयपुर पूर्व और थाना स्तर की विशेष टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास लगे करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
फुटेज के आधार पर रूट मैप तैयार किया गया।
तकनीकी अनुसंधान और पूर्व में अपराध कर चुके संदिग्धों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
आरोपी और उसे शरण देने वाले व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
इस गंभीर मामले में प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही सामने आने पर ड्यूटी ऑफिसर महेशचंद (उप निरीक्षक) और जांच अधिकारी अंगदराम (हेड कांस्टेबल) को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही दोनों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

Comment List