झालावाड़ में राजेश गुर्जर बने सभापति, झालरापाटन और अकलेरा में भाजपा तो भवानीमंडी में कांग्रेस विजयी
झालावाड़ जिले की आठ निकायों में भाजपा-कांग्रेस बराबर
झालावाड़। जिले की आठ नगरीय निकायों में सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनावों के परिणाम घोषित किए गए। झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस के राजेश गुर्जर ने भाजपा के राजकुमार सोनी को 15 मतों से हराकर सभापति पद पर जीत दर्ज की। वहीं पिड़ावा और मनोहरथाना नगर पालिकाओं में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। खानपुर और डग में कांग्रेस प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर विजयी रहे।
झालावाड़ में राजेश गुर्जर की जीत: झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस प्रत्याशी राजेश गुर्जर को 30 मत मिले, जबकि भाजपा के राजकुमार सोनी को 15 मत प्राप्त हुए। इस तरह गुर्जर ने 15 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
पिड़ावा में भाजपा के राजू माली जीते: पिड़ावा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के राजू माली ने कांग्रेस प्रत्याशी को 4 मतों से हराया। राजू माली को 12 और कांग्रेस प्रत्याशी को 8 वोट मिले।
मनोहरथाना को मिला पहला अध्यक्ष: ग्राम पंचायत से नगरपालिका बनने के बाद मनोहरथाना नगर पालिका को अपना पहला अध्यक्ष मिला। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र शर्मा ने कांग्रेस के राहुल साहू को 6 मतों से हराया। देवेंद्र शर्मा को 13 और राहुल साहू को 7 वोट मिले।
खानपुर में कांता साहू ने रचा इतिहास: खानपुर नगर पालिका में कांग्रेस की कांता साहू निर्वाचित अध्यक्ष बनीं। उन्हें 18 वोट मिले, जबकि भाजपा की प्रिया सुमन को 7 वोट प्राप्त हुए। कांता साहू ने 11 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और नगर पालिका की पहली निर्वाचित महिला अध्यक्ष बनीं।
डग में टीना नागर विजयी: डग नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की टीना नागर ने भाजपा की भगवती बाई को 8 मतों से हराया। टीना नागर को 14 और भगवती बाई को 6 वोट मिले। परिणाम के साथ ही डग नगरपालिका को नई अध्यक्ष मिल गई।
झालरापाटन में भाजपा की अंशु गुप्ता ने कांग्रेस के रिजवान अहमद को 18 वोटो से हराया। अकलेरा नगर पालिका में भाजपा की याशिका मेवाडा ने कांग्रेस की हिमानी पारेता को 17 वोटो से हराया। भवानीमंडी में कांग्रेस की पिंकी गुर्जर ने भाजपा के सुनीश दीक्षित को 12 वोटो से हराया । इस प्रकार कांग्रेस और भाजपा ने 4-4 नगर निकायों पर कब्जा किया।

Comment List