प्रोपटी डीलर के घर 85 लाख की लूट, पिस्तौल दिखा परिवार को बंधक बनाया
बदमाश जाते जाते सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए
झुंझुनूं। शहर में शनिवार रात पीपली चौक स्थित एक प्रोपटी डीलर के घर घुसकर आधा दर्जन हथियार बंद बदमाश घर के सदस्यों को बंधक बनाकर पिस्तौल की नोक पर करीब 85 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और डेढ़ से दो लाख रुपए नगदी लेकर फ रार हो गए। बदमाश जाते जाते सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले गए। पीड़ित अकबर अली शेरवानी ने बताया कि शनिवार रात करीब 1-15 बजे 6 से 7 नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और उसके बेटे शब्बीर सैय्यद के कमरे में पहुंचकर कनपटी पर पिस्तौल तानकर उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद घर के सभी सदस्यों को एक जगह एकत्रित कर बैठा दिया। बदमाश लगातार अलमारियों की चाबियां मांगते रहे और घर के अलग-अलग कमरों की तलाशी लेते रहे।
परिवार वालों के हाथ-पैर बांधे और कमरों में बंद किया
बदमाशों ने घर में मौजूद लोगों के हाथ-पैर चादर-कपड़े टेप और बिजली के तारों से बांध दिए यहां तक 10 साल के बच्चे को भी नहीं छोड़ा। महिलाओं को अलग-अलग कमरों और बाथरूम में बंद कर दिया गया। इसके बाद अलमारियां खंगालीं और महिलाओं के गहने उतरवा लिए।
बच्ची के झुमके भी उतरवा लिए
बताया जाता है कि बदमाशों के पास देसी कट्टे और चाकू थे। घर की एक बच्ची के कानों में पहने झुमके भी उतारवा लिए। अकबर शेरवानी के पोते मोहम्मद ने बताया कि बदमाश दादा अकबर अली के कमरे में ले गए 2 बदमाशों ने पिता-चाचा और दादा के हाथ बांध दिए। इसके बाद घर में लूट की। जाते समय बदमाश उनके फोन को गमलों में फेंक गए। घटना के समय घर में 13 लोग थे जिसमें 7 महिलाएं थी।
घर में करीब एक घंटे तक रहे
पीड़ित परिवार का कहना है कि बदमाशों को घर और कारोबार की पूरी जानकारी थी। यही नहीं बदमाशो ने घर की महिलाओं को कमरे में बंद करके एक-एक जेवर उतरवा लिए तथा परिवार के कई सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए थे। घर से 50-60 तोला सोना-सवा से डेढ़ किलो चांदी और नगदी ले गए। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी काली स्कॉर्पियो के बारे में भी पूछताछ की। परिवारवालों का कहना है कि किसी व्यक्ति ने परिवार और उनकी संपत्ति की पूरी जानकारी देकर बदमाशों को यहां भेजा।

Comment List