OBC आयोग की रिपोर्ट आते ही घोषित होंगे निकाय चुनाव, 2026 के भीतर चुनाव कराने को सरकार तैयार : अविनाश गहलोत
भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित
जोधपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत गुरुवार को जोधपुर दौरे पर रहे। सर्किट हाउस में उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं, छात्रावासों की व्यवस्थाओं और विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में नवपदस्थापित संयुक्त निदेशक बजरंग सारस्वत सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। साथ ही विभाग के सभी कार्यालयों, छात्रावासों और भवनों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के चित्र लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए नियमित योग, राष्ट्रगान और महापुरुषों के जीवन व विचारों पर आधारित गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अविनाश गहलोत ने निकाय चुनाव को लेकर कहा कि राजस्थान सरकार चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के ट्रिपल टेस्ट संबंधी निर्देशों की पालना के तहत गठित OBC आयोग प्रदेशभर में सर्वे कर रहा है। आयोग की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद OBC आरक्षण तय किया जाएगा और इसके तुरंत बाद निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2026 के भीतर ही निकाय चुनाव संपन्न करा दिए जाएंगे।

Comment List