मायावती ने सपा के 'जन-मन का मेनिफेस्टो' को बताया चुनावी छलावा, बोलीं-थोथा चना बाजे घना
सरकारों के कार्यकाल का किया उल्लेख
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जारी 'जन-मन का मेनिफेस्टो' को कोरा हवाहवाई बताते हुए उस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा का यह प्रण-पत्र उसके कथित पीडीए की तरह ही खोखला है और 'थोथा चना बाजे घना' की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सपा का राजनीतिक स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, कल्याण, मान-सम्मान और सुरक्षा के अनुकूल नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का रवैया संकीर्ण, जातिवादी और धन्नासेठों का समर्थक रहा है।
बसपा प्रमुख ने हाल ही में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सपा ने पीडीए को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धन्नासेठ को तरजीह दी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और कार्यकलापों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर हो सकती हैं। उन्होंने सपा के घोषणापत्र को 'जन-मन' के बजाय 'धन-मनवादी' करार देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी चुनाव में अच्छे और जनहित के प्रति समर्पित लोगों के बजाय धनवानों और बाहुबलियों को उम्मीदवार बनाएगी। ऐसे लोग देश, समाज और जनता के हितों के बजाय अपने निजी स्वार्थों को प्राथमिकता देते हैं।
मायावती ने कहा कि 'हर हाथ को काम' और कानून के जरिए कानून का राज स्थापित करना बसपा की नीति और सिद्धांत रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बसपा की उत्तर प्रदेश में रही चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर ईमानदारी और निष्ठा के साथ अमल किया गया। उनके मुताबिक सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसी पार्टियों के लिए इस तरह की नीतियों पर अमल करना संभव नहीं है।
बसपा अध्यक्ष ने सपा पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के विरोधी रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश को जातिवादी द्वेष और दंगों से प्रभावित बनाने के साथ ही जनहित एवं जनकल्याण के महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी उसके दामन पर दाग हैं। उन्होंने कहा कि जनता सपा के पुराने रवैये को भुला नहीं सकती। मायावती ने सपा के वादों, दावों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

Comment List