सरकारी स्कूल के पास चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापा, पिता-पुत्र हिरासत में
भारी मात्रा में बारूद और केमिकल जब्त
उदयपुर। जयपुर में गत दिनों एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके और उसमें मासूमों के हताहत होने के घाव अभी भरे भी नहीं थे कि उदयपुर में घनी आबादी और सरकारी स्कूल के ठीक पास अवैध पटाखा फैक्ट्री सामने आ गई। पुलिस ने इसका भंडाफोड़ करते मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त कर पिता-पुत्र को हिरासत में लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निदेर्शानुसार और एएसपी (शहर) उमेश ओझा के सुपरविजन में डीएसपी (प्रो.) जगदीश कुमार मय कार्यालय टीम और प्रतापनगर थानाधिकारी पूरण सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने देबारी में सरकारी स्कूल के पास चल रहे इस अवैध कारखाने पर अचानक छापा मारा, जिससे वहां भगदड़ मच गई। बताया कि देबारी में घनी आबादी के बीच धड़ल्ले से अवैध पटाखा बनाने वाली लघु फैक्ट्री चल रही थी। पुलिस ने मौके से खेरवाड़ा निवासी अनिल पुत्र स्व. त्रिलोक व लक्की को हिरासत में लिया।
जब्त किए पटाखे और विस्फोटक सामग्री
पुलिस ने मौके से एक लोडिंग टेम्पो सहित भारी मात्रा में विस्फोटक का जखीरा बरामद किया है, जो किसी बड़े इलाके को उड़ाने के लिए काफी था। इस दौरान तैयार माल में करीब 50 कार्टून, जिनमें सैकड़ों बॉक्स अवैध पटाखे भरे थे। विस्फोटक बारूद में 200 किलो सफेद सोडा (50-50 किलो के 4 कट्टे), 150 किलो सल्फर (3 कट्टे ), एल्यूमिनियम पाउडर, मिक्स तैयार विस्फोटक पाउडर, कोयला पाउडर और व्हाइट डस्टिंग गम का 1-1 कट्टा व अन्य सामग्री में प्लास्टिक के 8 कट्टे, जिनमें रैपर, सुतली और पटाखों के फर्जी लेबल शामिल हैं।
615 किलो पटाखे जब्त, कारोबारी गिरफ्तार
खैरथल। खैरथल-तिजारा जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरथल पुलिस ने रिहायशी इलाके में संचालित अवैध पटाखा भंडारण का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक मकान में बनी दुकान से 615 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। खैरथल-तिजारा जिले की एएसपी जया सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से 615 किलो विस्फोटक सामग्री जब्त कर आरोपी नवीन कुमार पुत्र लेखराज निवासी आनंद नगर, खैरथल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 11 जून को मिली गोपनीय सूचना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।

Comment List