चलती स्लीपर बस फिर बनी आग का गोला, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
उदयपुर से जा रही थी अहमदाबाद
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। परसाद थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, कई यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
उदयपुर। उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर सोमवार अपराह्न एक बड़ा हादसा टल गया। परसाद थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, कई यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार करीब 3 बजे निजी स्लीपर बस उदयपुर से सवारियां लेकर अहमदाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही बस परसाद थाने के सामने पहुंची, इसके इंजन से धुआं निकलने लगा।
देखते देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस में कुल 40 यात्री सवार थे। धुआं देखते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। बस के दरवाजे से सभी का निकलना मुश्किल था, ऐसे में घबराए यात्रियों ने बस की इमरजेंसी खिड़की तोड़ी और बाहर कूदे। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात को रोक दिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा ने बताया कि शुरूआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Comment List