एपेक शिखर सम्मेलन: ट्रंप ने एशिया को अमेरिकी ऊर्जा निर्यात का रखा प्रस्ताव, व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर

20 से अधिक व्यापार समझौते

एपेक शिखर सम्मेलन: ट्रंप ने एशिया को अमेरिकी ऊर्जा निर्यात का रखा प्रस्ताव, व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को चीन के शेनझेन में आयोजित 33वें एपेक (APEC) शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए एशियाई बाजारों के साथ ऊर्जा और व्यापार साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अलास्का की विशाल एलएनजी पाइपलाइन और वेनेजुएला में अमेरिकी तेल कंपनियों के बढ़ते अवसरों का जिक्र किया, साथ ही सुपर इंटेलिजेंस (एसआई) पर वैश्विक प्रतिबंधों का विरोध किया।

शेनझेन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका प्रशासन ऊर्जा सहयोग का विस्तार करने और एशियाई बाजारों में किफायती अमेरिकी प्राकृतिक गैस निर्यात करने के लिए क्षेत्रीय साझेदारों के साथ काम कर रहा है। ट्रंप ने गुरूवार को यहां 33वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एशिया के साथ अमेरिका के आर्थिक और ऊर्जा संबंध मजबूत करने की कोशिश की जारी है। प्रशांत क्षेत्र में व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने की कोशिशों के बीच उन्होंने एशिया को तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति करने वाली अलास्का की बड़ी पाइपलाइन परियोजना और वेनेजुएला में अमेरिकी तेल कंपनियों के बढ़ते अवसरों का जिक्र किया।

ट्रंप ने इसे 'दुनिया की सबसे बड़ी पाइपलाइन' बताते हुए कहा, हमने एशिया को भारी मात्रा में किफायती अमेरिकी प्राकृतिक गैस निर्यात करने के लिए अलास्का में एक विशाल एलएनजी पाइपलाइन को अभी मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विभिन्न देशों के साथ अमेरिका की ऊर्जा साझेदारी को मजबूत करेगी। निवेश और दीर्घकालिक ऊर्जा सहयोग को लेकर दक्षिण कोरिया सहित एशियाई नेताओं के साथ ट्रंप की हालिया चर्चाओं में भी अलास्का पाइपलाइन का मुद्दा प्रमुखता से शामिल रहा है।

ट्रंप ने वेनेजुएला में अमेरिकी तेल कंपनियों के लिए बढ़ते व्यावसायिक अवसरों की ओर भी इशारा किया और कहा कि अमेरिकी कंपनियां उस देश में कदम रख रही हैं। उन्होंने कहा, वेनेजुएला में हम जबरदस्त कारोबार कर रहे हैं। बड़ी तेल कंपनियां, अमेरिकी तेल कंपनियां वहां प्रवेश कर रही हैं। उन्होंने अमेरिका को दुनिया का सबसे बड़ा ऊर्जा आपूर्तिकर्ता बताया और कहा कि उनका प्रशासन ऊर्जा साझेदारी का विस्तार करने के लिए शिखर सम्मेलन में प्रतिनिधित्व करने वाले कई देशों के साथ काम कर रहा है।

ऊर्जा से परे, ट्रंप ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अपने व्यापार एजेंडे को उजागर करते हुए कहा कि अमेरिका ने 20 से अधिक व्यापार समझौते किए हैं और प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ अतिरिक्त सौदों पर बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा, हमने अपने साझेदारों के साथ मजबूत और अधिक संतुलित वाणिज्य को बढ़ावा देने के लिए 20 से अधिक व्यापार समझौते किए हैं। ट्रंप ने आगे कहा, हम इस मेज पर बैठे कुछ लोगों के साथ कई व्यापार समझौतों पर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में प्रमुख देशों के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। ट्रंप ने प्रशांत तटीय क्षेत्र की आर्थिक ताकत की सराहना करते हुए इसे दुनिया का सबसे अधिक आर्थिक रूप से जीवंत और सबसे तेजी से बढ़ने वाला क्षेत्र बताया। इसके साथ ही इसे वैश्विक धन, पूंजी, ऊर्जा और नवाचार का एक प्रमुख स्रोत करार दिया।

Read More शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद संभला रुपया, डॉलर के मुकाबले 93.62 से 93.77 के दायरे में कारोबार

उन्होंने कहा, प्रशांत तटीय क्षेत्र के राष्ट्र मिलकर पृथ्वी ग्रह पर सबसे अधिक आर्थिक रूप से जीवंत और सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि यह क्षेत्र वैश्विक तेल उत्पादन के लगभग आधे हिस्से, सेमीकंडक्टर उत्पादन के 90 प्रतिशत से अधिक, दुनिया के दो-तिहाई ऑटोमोबाइल और वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के तीन-पांचवें हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। ट्रंप ने प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका की दीर्घकालिक उपस्थिति की पुष्टि की और कहा कि आर्थिक विकास, स्थिरता, संप्रभुता, समृद्धि और शांति को बढ़ावा देने के लिए उनका देश प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था अन्य प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में तेजी से बढ़ रही है, इस वर्ष नए उपकरणों में निवेश में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और निर्यात अमेरिकी इतिहास के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।

Read More जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बड़ा हादसा: कार पर पलटा ट्रेलर, एक की मौत; 3-4 लोग घायल

ट्रंप ने कहा, हमने एक नवंबर तक 25 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की नई संपत्ति का सृजन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में पहले की तुलना में कहीं अधिक लोग काम कर रहे हैं। ट्रंप ने अमेरिका को सुपर इंटेलिजेंस (एसआई) के क्षेत्र में वैश्विक अग्रणी भी बताया और इसके संभावित प्रभाव की तुलना औद्योगिक क्रांति से की। उन्होंने इस तकनीक के विकास को प्रतिबंधित करने वाले अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ चेतावनी दी, हालांकि यह भी स्वीकार किया कि इसमें जोखिम शामिल हैं। उन्होंने कहा, हमें सावधान रहना होगा। हमें इसे संजोना होगा। यह लगभग पूरी तरह से अच्छा है, लेकिन इसमें कुछ बुरे तत्व भी हैं। ट्रंप ने कहा, हम किसी भी प्रकार के वैश्विक विनियमन या एसआई को नियंत्रित करने अथवा दबाने वाली किसी भी चीज का विरोध करते हैं और सच कहूं तो हम ऐसा नहीं होने देंगे।

Read More केन्द्र से पर्याप्त सहयोग के बावजूद कांग्रेस राज में जेजेएम का नहीं बढ़ा काम: मदन राठौड़

क्षेत्रीय सुरक्षा पर, ट्रंप ने एक वर्ष पहले कंबोडिया और थाईलैंड के बीच हुए समझौते की सराहना की और कहा कि इससे कई लोगों को अपने घरों को लौटने का अवसर मिला है। उन्होंने दोनों देशों के नेताओं को बधाई दी और इस समझौते को क्षेत्रीय शांति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, अमेरिका न केवल इस क्षेत्र की समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि हम स्थिरता और शांति के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह गुरुवार को बाद में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ होने वाली त्रिपक्षीय बैठक की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो तीनों प्रमुख शक्तियों के बीच सहयोग पर ध्यान केंद्रित करने का संकेत देता है।

यह प्रस्तावित बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका, चीन और रूस प्रतिस्पर्धी आर्थिक और भू-राजनीतिक हितों के बीच संतुलन बना रहे हैं, जहां व्यापार, सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग उनके संबंधों के केंद्र में हैं।

Post Comment

Comment List

Latest News

एपेक शिखर सम्मेलन: ट्रंप ने एशिया को अमेरिकी ऊर्जा निर्यात का रखा प्रस्ताव, व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर एपेक शिखर सम्मेलन: ट्रंप ने एशिया को अमेरिकी ऊर्जा निर्यात का रखा प्रस्ताव, व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को चीन के शेनझेन में आयोजित 33वें एपेक (APEC) शिखर सम्मेलन को संबोधित करते...
कोटा में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, ब्रेजा कार की स्टेपनी से 16.431 किलो अफीम जब्त
दुनिया में छाया GTA 6, गेम बनाने में भारतीय टैलेंट का जलवा; बेंगलुरु के 1600 डेवलपर्स जुड़े
सिक्योरिटी गार्ड ने किया सुसाइड : पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव, जानें पूरा मामला
राजस्थान विश्वविद्यालय में डीएससी-डी.लिट. प्रवेश के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, 30 नवंबर तक जमा होगा शुल्क
लोकमंथन-2026 : सीएम भजनलाल शर्मा ने स्वागत समिति की बैठक में की तैयारियों की समीक्षा, बोले- राजस्थान की धरा पर आयोजन होना गौरव और सौभाग्य की बात
जल संसाधन विभाग में पांच कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति निरस्त, कार्यग्रहण के लिए समय बढ़ाने के बावजूद नहीं पहुंचे अभ्यर्थी