Jammu & Kashmir में आतंकवादियों ने जयपुर के दंपती को मारी गोली
पचास लोग 15 मई को जयपुर से जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए गए थे।
जानकारी के अनुसार आतंकियों की गोली का शिकार हुए दंपती पठानों का चौक ब्रह्मपुरी के रहने वाले हैं।
जयपुर। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग में आतंकियों ने जयपुर के दंपती को गोली मार दी। गोली युवती के कंधे और युवक की आंख के पास लगी है। सूचना पर पहुंची जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है जहां उनका उपचार जारी है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस संबंध में ट्विटर पर घटना की जानकारी साझा की।
जानकारी के अनुसार आतंकियों की गोली का शिकार हुए दंपती पठानों का चौक ब्रह्मपुरी के रहने वाली हैं। यहां से परिवार के पचास लोग 15 मई को जयपुर से जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए गए थे। इन सभी का 22 मई को जयपुर वापस आने का कार्यक्रम था। ये सभी अनंतनाग में एक रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो आतंकियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सन्नी तबरेज (35) के आंख के पास जबकि फरहा (30) के कंधे पर गोली लगने से वह घायल हो गई। सूचना पर पहुंची कश्मीर पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है। जहां तबरेज की हालत गंभीर बताई जा रही है। वही फरहा की स्थिति में सुधार है।
पूर्व सरंपच की मौत
जानकारी के अनुसार दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों ने एक पूर्व सरपंच को भी गोली मार दी। आतंकवादियों ने हिरपोरा शोपियां के पूर्व सरपंच ऐजाज अहमद शिकेह पर गोलीबारी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल सरपंच को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि हम आज पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हैं, जिसमें दो पर्यटक घायल हो गए और इसके बाद शोपियां के हीरपोरा में एक सरपंच पर हमला हुआ। इन हमलों का समय चिंता का विषय है, जहां दक्षिण कश्मीर में बिना किसी कारण के चुनाव में देरी की गई।
Comment List