72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार: राष्ट्रपति मुर्मू ने विजेताओं को किया सम्मानित, अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कारय ; ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म अवार्ड
सिनेमा हमारे समाज का दर्पण
गुजरात। गुजरात के केवडिया स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के समीप एकता नगर में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2024 के भारतीय सिनेमा के उत्कृष्ट योगदान के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में उनके पांच दशकों से अधिक के असाधारण योगदान के लिए सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘दादासाहेब फाल्के पुरस्कार’ से अलंकृत किया गया। वहीं राजनीतिक थ्रिलर फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया और इसमें मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा, मलयालम फिल्म ‘भ्रमयुगम’ के लिए दिग्गज अभिनेता ममूटी और हिंदी फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ के लिए अभिनेता कार्तिक आर्यन को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (मुख्य भूमिका) का पुरस्कार प्रदान किया गया।
‘कल्कि 2898 एडी’ सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म
अन्य प्रमुख श्रेणियों में राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘श्रीकांत’ ने सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का खिताब अपने नाम किया, जबकि बहुचर्चित फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अभिनेता रणदीप हुड्डा को फिल्म ‘स्वातंर्त्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ पदार्पण निर्देशक का पुरस्कार मिला, जबकि गैर-फीचर श्रेणी में फिल्म ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
सिनेमा हमारे समाज का दर्पण: मुर्मू
विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज का दर्पण है जो भारतीय संस्कृति, संवेदनाओं और जीवन मूल्यों को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम करता है। उन्होंने कहा सिनेमा भारतीय समाज को एकजुट करने वाला सबसे सशक्त माध्यम है।

Comment List