भाजपा का आप पर हमला: सीबीआई जांच शुरू होते ही केजरीवाल को संघीय ढांचा खतरे में नजर आने लगा, ढिल्लों ने कहा- सीएम कार्यालय ही भ्रष्टाचार का गढ़
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
चंडीगढ़। पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (आप) पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच से बचने के लिए संघीय ढांचे का मुद्दा उठाने का आरोप लगाया है। ढिल्लों ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली के नेतृत्व को पंजाब सरकार में महत्वपूर्ण पदों और मंत्रियों के आवासों तक पहुंच देने वालों को अब संघीय ढांचे की चिंता करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित भ्रष्टाचार की जांच शुरू की, आप नेताओं को पंजाब के संघीय ढांचे पर खतरा दिखाई देने लगा। उन्होंने कहा कि आप सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय में यह कहना कि पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मामले बनाए जा रहे हैं, जांच से बचने के लिए राजनीतिक बहाना है।
ढिल्लों के अनुसार, आप नेता पहले मीडिया में सीबीआई जांच को संघीय ढांचे में हस्तक्षेप बता रहे थे और अब यही तर्क उच्चतम न्यायालय में दोहरा रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि न तो भाजपा और न ही केंद्र सरकार ने सीबीआई जांच के निर्देश दिये थे। उनके अनुसार, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने पंजाब पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने और राज्य सरकार द्वारा जांच नहीं किए जाने के बाद जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने भी राज्य सरकार को तीन बार पत्र लिखा था।
ढिल्लों ने आरोप लगाया कि पंजाब के संघीय ढांचे के लिए वास्तविक खतरा भ्रष्टाचार में लिप्त सरकार से है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री कार्यालय ही भ्रष्टाचार का केंद्र बन जाये तो निचले स्तर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आप सरकार भ्रष्टाचार के मामलों से ध्यान भटकाने और सहानुभूति हासिल करने के लिए संघीय ढांचे का मुद्दा उठा रही है, लेकिन कानून अपना काम करेगा और भ्रष्टाचार में शामिल किसी व्यक्ति को उसकी स्थिति चाहे जो भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।

Comment List