अमिताभ-अभिषेक को गैंगस्टर गोल्डी की धमकी: हमारे 200 लड़के तैयार, बुलेटप्रूफ शीशे भी नहीं बचा पाएंगे
बुलेटप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था को दी खुली चुनौती
मुम्बई। सदी के महानायक फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने जान से मारने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में गैंगस्टर ने कहा कि हालांकि दिल्ली पुलिस ने हमारे दो साथियों को गिरफ्तार किया है। लेकिन इसके बावजूद अभिनेता को निशाना बनाने की योजना पर कोई असर नहीं पड़ा है। हालांकि, यह सोशल मीडिया पोस्ट कितना सच है और उसमें किए गए दावों में कितनी सच्चाई है इसे लेकर अभी तक स्वतंत्र रूप से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
यह किया दावा
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में गैंगस्टर ने चेतावनी दी कि विकास ठाकुर और दीपक सिंह की गिरफ्तारी से उसकी योजना पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उसने दावा किया कि मुंबई में उसके लगभग 200 साथी सक्रिय हैं और पूरी तरह तैयार हैं। पोस्ट में उन लोगों को भी धमकी दी गई है जो सिख समुदाय के खिलाफ बोलते हैं। इसमें खास तौर पर अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक का नाम लेते हुए चेतावनी दी गई है कि बुलेटफ्रूफ ग्लास भी उन्हें नहीं बचा पाएगा।
सिख-विरोधी दंगों के जिम्मेदार बचेंगे नहीं
सोशल मीडिया पोस्ट में ढिल्लों ने 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि इस हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों को कभी माफ नहीं किया जाएगा। उसने यह भी दावा किया कि जो लोग सिख समुदाय के खिलाफ बयान देते हैं, चाहे वे दुनिया में कहीं भी हों, उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। पोस्ट में खास तौर पर अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का जिक्र करते हुए धमकी दी गई है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था चाहे कैसी भी हो, उन्हें गोली मार दी जाएगी। पोस्ट में दावा किया गया है, वे चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन बना लें, उन्हें गोली जरूर मारी जाएगी।

Comment List