भारत दुनिया का सबसे बड़ा कच्चा जूट उत्पादक देश, 40 लाख किसान परिवारों और 3.70 लाख श्रमिकों की आजीविका जुड़ी
भारत का जूट उद्योग और नया एमएसपी
नई दिल्ली। भारत दुनिया का सबसे बड़ा कच्चा जूट उत्पादक देश है और जूट उद्योग से करीब 40 लाख किसान परिवारों तथा 3.70 लाख श्रमिकों की आजीविका जुड़ी है। सरकारी सूचना के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में देश में 76 लाख गांठ कच्चे जूट और 12.80 लाख टन जूट उत्पादों का उत्पादन हुआ। इस दौरान 1.71 लाख टन जूट उत्पादों का निर्यात किया गया, जिसका मूल्य 3,155.27 करोड़ रुपये रहा।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कच्चे जूट का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5,925 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। सरकार के अनुसार यह अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत पर 61.8 प्रतिशत प्रतिफल सुनिश्चित करता है।
जूट प्राकृतिक रूप से जैव-अवक्रमणीय है, यानी इस्तेमाल के बाद यह पर्यावरण में प्राकृतिक रूप से विघटित हो जाता है। इसी तरह से जूट से बने भू-वस्त्र (जूट के रेशों से तैयार कपड़े जैसी सामग्री) का उपयोग मिट्टी के कटाव को रोकने, ढलानों के संरक्षण, सड़क निर्माण और जल निकासी जैसी गतिविधियों में किया जा रहा है।

Comment List