महंगाई ने बिगाड़ा रसोई का बजट, गरीब और मध्यम लोगों पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ: सैलजा
खुदरा महंगाई दर 5.54 प्रतिशत और खाद्य महंगाई दर 7.74 प्रतिशत तक पहुंची
चंडीगढ़। हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सैलजा ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार खुदरा महंगाई दर 5.54 प्रतिशत और खाद्य महंगाई दर 7.74 प्रतिशत तक पहुंची थी। प्याज की कीमतों में 108 प्रतिशत, लहसुन में करीब 55 प्रतिशत और अदरक में लगभग 63 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर सीमित आय वाले परिवारों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण लोगों के लिए भोजन, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी खर्चों के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है। दैनिक जरूरतों पर बढ़ते खर्च से परिवारों की बचत भी प्रभावित हो रही है। सरकार को ऐसी नीतियां अपनानी चाहिए, जिनसे आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके।
सैलजा ने केंद्र सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी निगरानी रखने, जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने तथा खाद्य आपूर्ति व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को उपज का उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को जरूरी वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Comment List