पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम LIVE : आसनसोल में टीएमसी ऑफिस कैंप में तोड़फोड़, कई केंद्रों पर मतगणना रोकी, ममता बोली- हम सूर्यास्त के बाद जीतेंगे
आज रात तक चुनावों के नतीजे आ जाने की उम्मीद
विधानसभा चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलेट गिने गए। 243 सीटों के नतीजे आज रात तक संभावित हैं। फाल्टा में 21 मई को पुनर्मतदान होगा। मतदान 92.47% के रिकॉर्ड स्तर पर रहा। मुख्य मुकाबला टीएमसी बनाम बीजेपी है, कांग्रेस-लेफ्ट भी मैदान में हैं। 2926 उम्मीदवार, भारी सुरक्षा तैनाती।
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से जारी है। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराये जाने के चुनाव आयोग के निर्णय के अनुसार वहां 21 मई को फिर मतदान कराया जायेगा। राज्य की शेष 243 सीटों के चुनावों की मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हो गयी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट पेपर की मतगणना की गई। आज रात तक चुनावों के नतीजे आ जाने की उम्मीद है।
कुल सीट : 293 बहुमत : 147
| पार्टी | आगे | जीते | कुल |
| भाजपा | 194 | 4 | 194 |
| टीएमसी | 88 | 1 | 88 |
| कांग्रेस | 2 | 2 | |
| अन्य | 2 | 2 |
- ममता का पार्टी कार्यकर्ताओं से हिम्मत न हारने का आग्रह
रुझानों में तृणमूल कांग्रेस के पिछड़ने के बीच निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को पार्टी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से हिम्मत न हारने का आग्रह किया है। बनर्जी ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में शुरुआती बढ़त की उम्मीद पहले से थी और अंतिम परिणाम तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे। सुबह से दोपहर करीब 12:30 बजे तक के रुझानों के अनुसार, भाजपा 190 से अधिक सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि तृणमूल कांग्रेस 90 से भी कम निर्वाचन क्षेत्रों में आगे थी। इस स्थिति को देखते हुए बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के जरिए पार्टी उम्मीदवारों और काउंटिंग एजेंटों से संपर्क किया और उन्हें मतगणना केंद्रों पर डटे रहने तथा सतर्क रहने को कहा। तृणमूल सुप्रीमो ने मतगणना प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए कहा कि कृपया यह सुनिश्चित करें कि कोई भी उम्मीदवार या काउंटिंग एजेंट मतगणना केंद्र न छोड़े। यह भाजपा की योजना का हिस्सा है। बनर्जी ने दावा किया कि उन्हें इस शुरुआती रुझान का अंदाजा पहले से था। उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़त पहले दिखाई देगी, जबकि मतगणना आगे बढ़ने पर तृणमूल कांग्रेस के आंकड़े बाद में सामने आएंगे। तृणमूल नेता ने मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कई स्थानों पर गिनती रोक दी गई है और विसंगतियां पाई गई हैं। बनर्जी ने केंद्रीय बलों और पुलिस पर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों पर हमले किए जा रहे हैं और उन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि उनकी पार्टी वास्तव में 100 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन वे आंकड़े दिखाए नहीं जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्रीय बलों की मदद से मनमाने ढंग से काम कर रहा है और राज्य पुलिस पर दबाव में काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए बनर्जी ने कहा कि निराशा का कोई कारण नहीं है। उन्होंने धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि अभी केवल तीन से चार दौर की मतगणना हुई है, जबकि कुल 18-19 दौर होने हैं। सूर्यास्त तक प्रतीक्षा करें-आप ही जीतेंगे। बनर्जी ने विश्वास जताते हुए कहा कि पार्टी मजबूती से लड़ना जारी रखेगी। निशिश्चत रहें, हम बाघों की तरह लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।
- भाजपा की रूझानों में बढ़त बरकरार, तृणमूल कांग्रेस काफी पीछे
मतगणना के लिए कुल 292 रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 193 सीटों पर बढ़त बनाई हुयी है जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को केवल 94 सीटों पर ही बढ़त हासिल हुयी है। कांग्रेस और माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को केवल एक -एक सीट पर बढ़त मिली है। दक्षिण कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित सीट भवानीपुर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लीड अब पहले से कम हो गयी है। 12वें चक्र की मतगणना के बाद उनकी लीड 7184 मतों की रह गयी है। उनका मुकाबला भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से है। इससे पहले वह 16,706 मतों के अंतर से आगे चल रही थीं।
- कई केंद्रों पर मतगणना रोकी : ममता
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि कल्याणी में लगभग 100 केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई है और कम से कम सात ईवीएम के परिणामों को गिनती में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा 'हम सूर्यास्त के बाद जीतेंगे'। बनर्जी की यह पोस्ट दोपहर करीब 12 बज कर 35 मिनट पर आई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि कई केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राजनीतिक विरोधी परिणामों में हेरफेर करने की कोशिश कर रहे हैं। तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि कल्याणी में लगभग 100 केंद्रों पर मतगणना रोक दी गई और कम से कम सात ईवीएम के परिणामों को गिनती में शामिल नहीं किया गया है। बनर्जी ने कहा कि यह तृणमूल कांग्रेस को पिछड़ता हुआ दिखाने और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर करने की भाजपा की एक स्पष्ट योजना है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के काउंटिंग एजेंटों और उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे किसी भी स्थिति में मतगणना केंद्र न छोड़ें। तृणमूल नेता ने यह भी कहा कि केंद्रीय बल उनकी पार्टी के कार्यालयों को तोड़ रहे हैं और राज्य पुलिस केंद्रीय बलों के अधीन काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस कम से कम 70 से 100 सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन हमारा मनोबल गिराने के लिए इन आंकड़ों को जानबूझकर रोका जा रहा है। मैं अपने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करती हूँ कि वे इसमें न फंसें। चुनाव आयोग और सुरक्षा एजेंसियों ने इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। रिपोर्ट लिखे जाने तक भाजपा ने भी इन दावों पर कोई टिप्पणी नहीं की है। चुनाव परिणामों के हालिया रुझान संकेत देते हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 182 विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही है।
- बंगाल में भाजपा को रूझानों में भारी बढ़त, टीएमसी केवल 92 सीटों पर आगे
पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव परिणाम के लिए चल रही मतगणना में दोपहर साढ़े बारह बजे के रूझानों के अनुसार 278 सीटों पर रूझान मिल चुके हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुल 181 सीटों पर बढ़त बनायी हुयी है, जबकि तृणमूल कांग्रेस को केवल 92 सीटों पर बढ़त हासिल हुयी है। भवानीपुर विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने निकटतम विरोधी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से 19, 393 मतों से आगे चल रही हैं।
अन्य प्रमुख सीटों पर ताजा स्थिति इस प्रकार है :
- नंदीग्राम: इस हाई-प्रोफाइल सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी के सुवेंदु अधिकारी फिलहाल रुझानों में आगे चल रहे हैं। वे तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर से लगभग 662 वोटों की मामूली बढ़त बनाए हुए हैं।
- मेखलीगंज: मेखलीगंज विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के दधिराम राय आगे चल रहे हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पर 9,702 मतों की स्पष्ट बढ़त बना ली है। यहाँ अब तक 6/19 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है।
- माथाभांगा: यहाँ भाजपा के दिग्गज नेता निशिथ प्रामाणिक अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 13,093 वोटों के बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं। यहाँ मतगणना के 5 राउंड पूरे हो चुके हैं।
- शीतलकुची: शीतलकुची सीट पर भारतीय जनता पार्टी की साबित्री बर्मन आगे चल रही हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक, वे तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार से 14,494 वोटों के अंतर से आगे हैं। यहाँ कुल 24 राउंड की गिनती होनी है।
- दिनहाटा: दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अजय राय मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने 13,073 वोटों की बढ़त हासिल कर रखी है। यहाँ 8/24 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है और भाजपा की स्थिति मजबूत नजर आ रही है।
- सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल के महत्वपूर्ण शहर सिलीगुड़ी में भाजपा के शंकर घोष एक बड़ी बढ़त की ओर बढ़ रहे हैं। वे रुझानों में 20,817 वोटों से आगे चल रहे हैं, जो इस क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में मजबूत लहर का संकेत है।
- फांसीदेवा: फांसीदेवा सीट पर भाजपा के दुर्गा मुर्मू ने बहुत बड़ी बढ़त बनाई है। वे अपने प्रतिद्वंद्वी से 25,621 वोटों के भारी अंतर से आगे चल रहे हैं। यहाँ 4/14 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है।
- डाबग्राम-फुलबाड़ी: यहाँ से भाजपा की शिखा चटर्जी आगे चल रही हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी पर करीब 12,450 वोटों की बढ़त बना रखी है। यह सीट भाजपा के लिए उत्तर बंगाल में साख का विषय बनी हुई है।
- टॉलीगंज: कोलकाता की इस ग्लैमरस सीट पर तृणमूल कांग्रेस के अरूप विश्वास आगे चल रहे हैं। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार पर 8,930 मतों की लीड ली हुई है। यहाँ फिल्मी सितारों की टक्कर पर सबकी नजर है।
- दिनहाटा: कूचबिहार जिले की इस सीट पर भाजपा के अजय राय मजबूती से आगे हैं। वे तृणमूल कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी से 13,073 वोटों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं।
- शीतलकुची: विवादों में रहने वाली इस सीट पर भाजपा की साबित्री बर्मन आगे चल रही हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, वे तृणमूल कांग्रेस से 14,494 वोटों के अंतर से बढ़त पर हैं।
- कृष्णनगर उत्तर: इस हाई-प्रोफाइल सीट पर मुकाबला कड़ा है, लेकिन वर्तमान में भाजपा के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। यहाँ बढ़त का अंतर लगभग 5,400 के आसपास बना हुआ है।
- खडग़पुर सदर: रेलवे नगरी खडग़पुर में भाजपा के हिरन चटर्जी आगे चल रहे हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पर 7,215 वोटों की लीड हासिल की है।
- कमरहटी: यहाँ तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता मदन मित्रा आगे चल रहे हैं। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी पर 11,200 मतों की स्पष्ट बढ़त बनाई हुई है।
- बोलपुर: शांतिनिकेतन वाले बोलपुर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है। वर्तमान रुझान में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार 3,840 वोटों से आगे चल रहे हैं।
- टीएमसी ऑफिस में तोड़फोड़
ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग मनमर्जी कर रहा है। अंतिम राउंड के बाद जीत हमारी ही होगी। उधर आसनसोल में टीएमसी ऑफिस कैंप में तोड़फोड़ की गई।
- ममता विरोधी अधिकारी से आगे
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर सीट पर अपने निकटतम विरोधी भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से 16 हजार मतों से आगे चल रही है।
- रूझानों में भाजपा आगे, तृणमूल के कई दिग्गज पीछे
मतगणना के पहले दौर के बाद भारतीय जनता पार्टी ने काफी बढ़त हासिल कर ली है और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कई शीर्ष नेता और मंत्री पीछे चल रहे हैं। अपरान्ह साढ़े 11 बजे तक कुल 230 सीटों पर रूझान मिल चुके हैं और इनमें भाजपा 148 सीटों पर आगे है और तृणमूल केवल 78 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। माकपा केवल एक सीट पर आगे है। तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी भवानीपुर सीट से अपने निकटतम विरोधी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से मामूली 898 मतों से आगे चल रही हैं। सबसे चौंकाने वाले घटनाक्रमों में से एक में, मंत्री शशि पांजा श्यामपुकुर निर्वाचन क्षेत्र में पीछे चल रही हैं। वह मतगणना के पहले दौर के बाद भाजपा की पूर्णिमा चक्रवर्ती से 283 वोटों से पीछे हैं। विधानसभा में तृणमूल के मुख्य सचेतक निर्मल माझी गोघाट में भाजपा के प्रशांत दिगार से 1,845 वोटों के अंतर से पीछे चल रहे हैं। पार्टी के एक प्रमुख अल्पसंख्यक चेहरे, मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी मोंटेश्वर में भाजपा के सैकत पांजा से 3,386 वोटों से पीछे चल रहे हैं। कूच बिहार के दिनहाटा में, वरिष्ठ तृणमूल नेता उदयन गुहा भाजपा के अजय रॉय से 1,647 वोटों से पीछे चल रहे हैं। रायगंज में, तृणमूल उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन भाजपा के दिनेश सरकार से 3,363 वोटों के अंतर से पीछे हैं। बिनपुर में, तृणमूल की बिरबाहा हांसदा भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू से 1,355 वोटों से पीछे चल रही हैं। दुर्गापुर पूर्व में, तृणमूल के प्रदीप मजूमदार भाजपा के चंद्रशेखर बनर्जी से बहुत कम अंतर से, मात्र 84 वोटों से पीछे हैं। इस बीच, भाजपा उम्मीदवारों ने कई प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में उल्लेखनीय बढ़त हासिल की है। मतगणना के दूसरे दौर के बाद भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल तृणमूल के तापस बनर्जी से 9,589 वोटों से आगे चल रही हैं।शिबपुर में, भाजपा के रुद्रनील घोष तृणमूल के राणा चटर्जी से 1,845 वोटों से आगे चल रहे हैं। ये शुरुआती रुझान हैं जो मतगणना के प्रारंभिक दौर पर आधारित हैं, और जैसे-जैसे दिन भर मतगणना आगे बढ़ेगी, वोटों के अंतर में बदलाव आ सकता है।
-
बंगाल में भाजपा बनाएगी सरकार : अधिकारी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम तथा भवानीपुर से उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि भाजपा राज्य में अपनी सरकार बना रही है। अधिकारी ने मतगणना के शुरुआती रुझानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, हिंदू समुदाय के सभी लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में एकजुट हैं। मतगणना के चार दौर पूरे होने के बाद भाजपा राज्य में अपनी सरकार बना रही है। हिंदू ईवीएम का मतलब भाजपा है, मुस्लिम ईवीएम का मतलब तृणमूल कांग्रेस है। सिवाय मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर के जहाँ लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, Þरोने दीजिए. खतम पूरा खतम। गौरतलब है कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा की 293 सीटों के लिए मतगणना हो रही और शुरुआती रुझानों में भाजपा राज्य में काफी आगे बढ़ती दिख रही है।
- पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से 1558 मतों से पीछे चल रही हैं।
विधानसभा के चुनावों की मतगणना में सुबह दस बजे तक के प्राप्त रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 46 सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग के अनुसार सुबह दस बजे तक 72 सीटों पर आये रूझानों में भाजपा 46 सीटों पर शेष दलों से आगे है जबकि तृणमूल कांग्रेस केवल 24 सीटों पर आगे है। इसके अलावा भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) और आम जनता उन्नयन पार्टी एक-एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार मतगणना के लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गयी हैं। सभी मतगणना केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राष्ट्रव्यापी बहस के बीच पश्चिम बंगाल की विधानसभा के चुनावों में मतदाताओं ने मतदान में बढ़चढ़कर भाग लिया। पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद मतदान-प्रतिशत के नये रिकार्ड बने। पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में हुए चुनाव में मतदान का कुल प्रतिशत 92.47 रहा। पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को कराये गये मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
वहीं, दूसरे चरण में 142 सीटों पर कुल मिलाकर 91.66 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य की कुल 294 सीटों के लिए 2926 उम्मीवार मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल में मतगणना 77 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किये गए है इसके अलावा 165 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष पर्यवेक्षक तैनात किये गए है। पश्चिम बंगाल में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। कांग्रेस और वामपंथी दल भी जोर आजमाइश में हैं।

Comment List