पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा कार्यकाल की दिल्ली कैबिनेट ने की सराहना, सीएम रेखा ने कहा- केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा

वय वंदना योजना और जन औषधि योजना का भी जिक्र

पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा कार्यकाल की दिल्ली कैबिनेट ने की सराहना, सीएम रेखा ने कहा- केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए आयुष्मान भारत और जन औषधि जैसी योजनाओं को तेजी से लागू करने की बात कही। साथ ही, उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रहे विपक्ष पर निशाना साधा।

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्रसेवा के 25 साल पूरे होने पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली के विकास में केंद्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सीएम गुप्ता ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि दिल्ली कैबिनेट ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा दिल्ली को अपनी प्राथमिकताओं में रखा और जरूरत पड़ने पर राजधानी की मदद के लिए आगे आए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल के पहले दिन से लेकर अब तक दिल्ली को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने राजनीतिक कारणों से केंद्र की कुछ योजनाओं को अपनाने में रुचि नहीं दिखाई। फरवरी 2025 में दिल्ली में उनकी सरकार बनने के बाद केंद्र की योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्लीवासियों को स्वास्थ्य, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली में इस योजना को लागू करने के साथ केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाले पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य कवर में राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये अतिरिक्त जोड़े गए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक करीब नौ लाख लोग इस योजना के तहत नामांकन करा चुके हैं और लगभग 65 हजार दावों का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने वय वंदना योजना और जन औषधि योजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में अब तक करीब 425 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं और सरकार का लक्ष्य इनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 1,100 करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार दिल्लीवासियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं को दिल्ली में प्रभावी ढंग से लागू करने से आम लोगों को लाभ मिल रहा है और सरकार विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

Read More छात्रों की गूंज में राहुल बोले- जिज्ञासा सवाल पूछने, नई चीजें जानने की शक्ति देती है

सीएम रेखा गुप्ता ने इंडिया गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एसआईआर देश में पहली बार नहीं हो रहा है, बल्कि चुनाव आयोग समय-समय पर यह प्रक्रिया कराता रहा है। रेखा गुप्ता ने सवाल उठाया कि जब पहले भी यह प्रक्रिया हुई, तब इन दलों ने इसी तरह विरोध क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछली बार एसआईआर वर्ष 2002 में हुआ था और कांग्रेस को बाद के चुनावों में जनता का समर्थन नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के विरोध को राजनीतिक हताशा से जोड़ते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को नकार दिया है, जिसके कारण वे इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

Read More सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश: दिल्ली में बैरिकेड्स की समीक्षा, इंटरनेट बहाल करने और मेट्रो का सामान्य परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर पंजाब की कानून-व्यवस्था और नशे के कारोबार से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में हत्या की घटनाएं हो रही हैं और नशे के रैकेट सक्रिय हैं, लेकिन विपक्ष दिल्ली में प्रदर्शन करने में व्यस्त है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अपने राजनीतिक हितों के लिए जनता को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण दिल्ली में कारोबारियों और आम नागरिकों को परेशानी हुई है तथा आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

Read More पीस बॉन्ड भरकर रिहा हुए CJP नेता, क्या दोबारा प्रदर्शन में शामिल हो सकेंगे दीपके और उनके साथी? रांका बोले- ज्ञानेश कुमार को बचाने में जुटी सरकार

Post Comment

Comment List

Latest News

विद्युत कंपनियों में मंत्रालयिक संवर्ग के पदों के पुनर्गठन की मांग, एमडी को सौंपा ज्ञापन विद्युत कंपनियों में मंत्रालयिक संवर्ग के पदों के पुनर्गठन की मांग, एमडी को सौंपा ज्ञापन
राजस्थान विद्युत मंत्रालयिक एवं अधीनस्थ कर्मचारी संघ तथा राजस्थान विद्युत मंत्रालय संगठन के संयुक्त नेतृत्व में बुधवार को जयपुर डिस्कॉम...
केंद्रीय गृह मंत्री के बयान से गरमाई सियासत, खड़गे बोले-देश के 13.3 करोड़ लोगों को घुसपैठिया बताना भारतीयता का अपमान
बधिर विद्यालय के 600 विद्यार्थियों को मिली नई पहचान, भामाशाह शशि बंसल ने भेंट किए पहचान पत्र
आज भी मां शाकंभरी देवी के दरबार में रात को लगता भूतों का दरबार, जानें इस पौराणिक कथा में
पीएम मोदी के 25 साल के जनसेवा कार्यकाल की दिल्ली कैबिनेट ने की सराहना, सीएम रेखा ने कहा- केंद्र की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा
अमेरिकी वित्त विभाग का बड़ा फैसला, बैंक ऑफ़ अमेरिका पर लगाया 1.21 अरब डॉलर का जुर्माना
कभी सरपंचों के हाथ में थी प्रधान और जिला प्रमुख की चाबी, 1995 में बदला चुनाव का पूरा गणित