असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और यात्री वाहन की टक्कर, 12 लोगों की मौत; मुख्यमंत्री ने जताया दुख
कई की हालत नाजुक
गुवाहाटी। असम के काजीरंगा क्षेत्र में रोंगाजन के पास शुक्रवार को एक ट्रक और यात्री वाहन के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार, यात्रियों से भरा एक ट्रैवलर वाहन बोकाखात से नौगांव जा रहा था और उसकी सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार भिडंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यात्री वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री उसके अंदर बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर बचाव एवं राहत अभियान शुरू किया। आपातकालीन बचाव दलों ने क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल चिकित्सा उपचार के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मैं अत्यंत व्यथित हूं। इस क्षति की भयावहता ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है और मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें विश्वास दिलाना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं हैं। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि मंत्री अतुल बोरा स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की निजी रूप से निगरानी कर रहे हैं। श्री सरमा ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Comment List