राहुल गांधी का केंद्र पर फोन टैपिंग का आरोप, फिर दी आमने-सामने बहस की चुनौती
एपस्टीन के मुद्दों को उठाने से रोकने पर जताया विरोध
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार उनका फोन टैप कर रही हैं और जो आरोप वह लगा रहे हैं, उन सभी के सबूत उसी फोन में मौजूद हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को फिर आमने-सामने की बहस की चुनौती दी और कहा कि इससे साबित हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देश विरोधी है। उनके पास इस संबंध में कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी हैं और ये सभी जानकारियां उनके फोन में हैं।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, गोदी मीडिया के दिवाली मिलन में भी टेलीप्रॉम्प्टर। लोग आपके, मंच आपका, माहौल आपका-फिर भी स्क्रिप्ट चाहिए थी। लगता है दबाव में घबरा गए हैं। खैर, कोई बात नहीं। मुझसे बहस में भी टेलीप्रॉम्प्टर ले आइए, जज भी अपनी पसंद का बैठा लीजिए। बस आइए तो सही। देश जानना चाहता है- असली देशद्रोही कौन है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसद में बहस की बात करती है, लेकिन जब भी उन्होंने संसद में मुद्दे उठाने की कोशिश की तब उनका माइक बंद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान विधेयक, वोट चोरी, विशेष गहन पुनरीक्षण, चीन, पूर्व सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे की किताब और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों पर उन्हें संसद में बोलने नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि वह भाषण वाली बहस नहीं, बल्कि आमने-सामने की चर्चा चाहते हैं। इसमें एक तरफ पीएम और दूसरी तरफ वह स्वयं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उन पर आरोप लगाते हैं और वह भी उन पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, उधर आप अडानी जी को जज बनाना चाहते हों, मोहन भागवत को बनाना चाहते हों, वो सब ठीक है, मगर मैं गारंटी दे रहा हूं, 'वन-ऑन-वन' डिबेट के बाद प्रधानमंत्री, प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।
इंस्टाग्राम पर आयोजित 'आस्क मी' सत्र में राहुल ने कहा कि संसद में उन्हें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने कृषि कानून, वोट चोरी, एसआईआर, चीन और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया। वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए आरोपों को सुर्खियों में बने रहने का प्रयास बताया।

Comment List