ओवैसी की चुनौती पर रामेश्वर शर्मा का पलटवार, कहा- अपने बयान पर कायम हूं, यूसीसी लागू होकर रहेगा
भारत विरोधी और आतंकी ठिकानों के खिलाफ मिसाइल हमेशा तैयार
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में समान नागरिक संहिता के मुद्दे और अपने पूर्व के मिसाइल संबंधी बयान को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की प्रतिक्रिया के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार किया है। ओवैसी ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित सभा में शर्मा के पूर्व बयान का उल्लेख करते हुए उन्हें चुनौती दी थी।
शर्मा ने ओवैसी को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने बयान पर कायम हैं और ओवैसी पूरा भाषण सुनकर चाहें तो उसे अदालत में ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की और जहां-जहां आतंकवाद तथा भारत विरोधी गतिविधियों के ठिकाने होंगे, वहां भारत की मिसाइल तैयार है। उन्होंने कहा कि ओवैसी को बदतमीजी की भाषा छोड़नी चाहिए। शर्मा ने अपने बयान में ओवैसी के लिए आपत्तिजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियां भी कीं।
समान नागरिक संहिता को लेकर शर्मा ने कहा कि सभी दल हिंदुओं के वोट चाहते हैं तो हिंदू कानून को लेकर आपत्ति क्यों है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होगी और इसे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की भावना के अनुरूप लागू किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2029 तक 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात कही है और मध्यप्रदेश में यह लागू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर चाहे कोई विरोध करे, समान नागरिक संहिता लागू होगी। ओवैसी ने 15 सितंबर को भोपाल में समान नागरिक संहिता के विरोध में आयोजित सभा में इसे लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे और रामेश्वर शर्मा के पूर्व मिसाइल संबंधी बयान पर उन्हें चुनौती दी थी।

Comment List