रियाद: भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने किया अस्पताल का दौरा, भारतीय नागरिक की मौत
हवाई सेवाएं प्रभावित
रियाद। सऊदी अरब के रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया जहां किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हूती विद्रोहियों के हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों का इलाज चल रहा है। दूतावास ने आज जानकारी देते हुए बताया कि हमारे अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया है जहां हमले में घायल हुए भारतीय नागरिकों को भर्ती कराया गया है। दूतावास ने इससे पहले बताया है कि बदकिस्मती से शनिवार को हुए हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की आज मौत हो गई जबकि तीन आईसीयू में हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है, दो और सामान्य वार्ड में भर्ती हैं जबकि बाकी को छुट्टी दे दी गई है।
दूतावास ने कहा कि हम घायल भारतीय नागरिकों को दी गई चिकित्सा देखभाल के लिए सऊदी अधिकारियों को धन्यवाद देते हैं और परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि दूतावास हर संभव मदद करेगा। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को यमन के हूती विद्रोहियों ने एक बार फिर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया, जिससे वहां आग लग गई और हवाई सेवाएं प्रभावित हुई। यमन में लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि आज रियाद के किंग खालिद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टर्मिनल 4 को निशाना बनाकर एक प्रोजेक्टाइल दागा गया।
इससे पहले शनिवार को इसी हवाई अड्डे पर हुए एक घातक मिसाइल हमले में घायल भारतीय की आज मौत हो गई। इस हमले में कम से कम 12 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। विदेश मंत्री ए. जयशंकर ने भारतीय नागरिक की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, रियाद हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत से गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दूतावास हर संभव मदद करेगा।
एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने एक्स पर लिखा, इस बात की पुष्टि हो गई है कि यूसुफ साहब हमले में चल बसे हैं। उनके बेटे के घुटने की सर्जरी चल रही है, एक और बेटा अस्पताल में है और उसके पैर की तीन उंगलियां काट दी गई हैं। उनकी बेटी और पत्नी सुरक्षित हैं। विदेश मंत्री को उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करनी चाहिए। यह परिवार हैदराबाद के मेहदीपट्टनम का रहने वाला है।

Comment List