किसी के रोकने से नहीं रुकेगा आंदोलन : अब दिल्ली में देश जुटेगा, अखिलेश बोले- जनता की आवाज को दबाने की सरकार की कोशिश साबित होगी बड़ी भूल
देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा : अखिलेश
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि जनता की आवाज को ताकत के बल पर दबाने की कोशिश सरकार की बड़ी भूल साबित होगी। यादव ने 'एक्स' पर कहा कि किसी के रोकने से नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा। उन्होंने कहा कि देश की युवा ऊर्जा उनके साथ है।
भाजपा सरकार अगर यह समझ रही है कि वह ताकत के बल पर जनता को रोक लेगी, तो यह उसकी और भी बड़ी भूल साबित होगी। अखिलेश ने कहा कि 'जंतर-मंतर' अब केवल एक जगह का नाम नहीं, बल्कि नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है। सपा प्रमुख ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने आंदोलनकारियों को रोकने की कोशिश की, तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा।
गौरतलब है कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया है। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर रोकने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर बुलाए गए पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। सीजेपी ने अभिजीत दीपके का एक पहले से रिकॉर्ड किया गया वीडियो जारी किया है। इसमें दीपके कहते हैं- अगर हमें हिरासत में ले लिया तो हमारे बाद इस आंदोलन को अजिंक्य शिंदे लीड करेंगे।

Comment List