कनाडा में भारतीय युवक की मौत से हड़कंप: जलती कार में मिले शव के बाद टारगेट किलिंग का शक, पुलिस जांच शुरू
कनाडा और भारत में परिजनों व दोस्तों से संपर्क कर रही पुलिस
कनाडा। ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का शव जलती हुई कार के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है। तुषार मूल रूप से सरे के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे रॉलिन्सन क्रेसेंट इलाके में एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिस और अग्निशमन कर्मियों को आग बुझाने के दौरान वाहन के अंदर मानव अवशेष मिले। बाद में उनकी पहचान तुषार शर्मा के रूप में हुई।
मामले की जांच इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंप दी गई है। फोरेंसिक विशेषज्ञ और बीसी कोरोनर्स सर्विस भी जांच में सहयोग कर रहे हैं। अधिकारी तुषार की मौत के कारणों, घटनाक्रम और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं। टारगेट किलिंग की आशंका की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Comment List