खाटू दर्शन कर जबलपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पर फायरिंग, एक श्रद्धालु के कंधे में लगे छर्रे, 4 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
बदमाशों ने कार का करीब 4 किमी पीछा किया
मामले में आशुतोष सिंह चौहान पुत्र राजेश सिंह चौहान निवासी बंगाली कॉलोनी चौहान बिल्डिंग जबलपुर ने प्राथमिकी की दर्ज करवाई है।
महुवा। दौसा जिले के महुवा उपखण्ड स्थित नेशनल हाईवे-21 पर ठेकड़ा गांव के पास बीती रात्रि काले रंग की कार में सवार 4 अज्ञात बदमाशों ने एक कार पर फायरिंग कर दी। कार सवार श्रद्धालु खाटू श्याम जी के दर्शन कर जबलपुर (मध्य प्रदेश) घर लौट रहे थे। बदमाशों ने कार का करीब 4 किमी पीछा किया। फायरिंग में अनुराग दुबे के कंधे के पास गोली के छर्रे लगे। घायल अवस्था में उन्हें महुवा के जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। कार सवार 3 अन्य लोग से सकुशल बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार हमलावर एक काले रंग की टाटा पंच कार में आए और फायरिंग के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस घटना को लूट या किसी अन्य आपराधिक मंशा से जोड़कर देख रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। थानाधिकारी राजेंद्र मीणा ने बताया कि बदमाशों की तलाश के साथ कार में सवार श्रद्धालुओं से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आशुतोष सिंह चौहान पुत्र राजेश सिंह चौहान निवासी बंगाली कॉलोनी चौहान बिल्डिंग जबलपुर ने प्राथमिकी की दर्ज करवाई है।
Comment List