पंचायत चुनाव : तीसरे चरण में 68.39% वोटिंग, कहीं ईवीएम खराब तो कहीं वोटिंग का बहिष्कार
परिसीमन के विरोध में गांवों में चुनाव बहिष्कार
जयपुर। प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को मतदान के दौरान उत्साह के साथ अव्यवस्थाओं और विरोध की तस्वीरें सामने आईं। शाम छ: बजे तक प्रदेश में 68.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया। कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ, वहीं परिसीमन और पंचायत गठन से नाराज ग्रामीणों ने कई स्थानों पर मतदान का बहिष्कार किया। तीसरे फेज में 11,869 मतदान केन्द्रों पर 27 जिला परिषद के 377 वार्डों में 1305 और 116 पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में 7789 प्रत्याशियों सहित कुल 9094 प्रत्याशियों की किस्मत मतदान पेटियों में कैद हो गई। मतदान के दौरान दौसा जिले में सबसे ज्यादा तकनीकी दिक्कतों की सूचनाएं सामने आईं। रामगढ़ पचवारा, सिकराय, शिवसिंहपुरा, लालसोट और लवाण में मशीनें खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। निहालपुरा के बूथ 62 पर करीब आधे घंटे तक मतदान रुका रहा। सवाई माधोपुर के माणोली में बूथ 102 पर जिला परिषद और पंचायत समिति की दोनों मशीनें खराब होने से करीब 20 मिनट मतदान बाधित हुआ। श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ क्षेत्र में भैरूपुरा सीलवानी सहित कई बूथों पर मशीन खराब होने से मतदान शुरू होने में देरी हुई। बीकानेर, सीकर, धौलपुर और खैरथल-तिजारा से भी ईवीएम खराब होने की सूचनाएं मिलीं।
दूसरी ओर, करौली के रीठौली-टोडूपुरा, भरतपुर के नगला सिंघाड़ा, डीडवाना-कुचामन के डारापुरा तथा दौसा के देहलाल, हरपट्टी और आमटेडा में परिसीमन और पंचायत गठन के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बनाकर वोटिंग का बहिष्कार किया। मकराना पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस समर्थकों में लाठी-डंडे चल गए। करौली में दो बूथों पर कुल 1,388 मतदाताओं ने वोट नहीं डाले। चूरू के राजगढ़ क्षेत्र के ढंढाल लेखु गांव में चुनाव ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल भंवरलाल कुंडलिया की हार्ट अटैक से मौत की खबर सामने आई।
पंच-सरपंच चुनाव के लिए आज और कल प्रक्रिया :
तीसरे चरण में 4 नवंबर को पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद 5 नवंबर को मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित होंगे। इसके बाद 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
14 को चौथे चरण का मतदान, 20 को मतगणना :
पंचायतीराज चुनाव का चौथा और अंतिम चरण 14 नवंबर को होगा। इस चरण में शेष जिला परिषद और पंचायत समिति वार्डों के लिए मतदान होगा। इसके बाद 20 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना होगी।

Comment List