राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से ऑस्ट्रेलियाई राजनयिक पॉल मर्फी की मुलाकात, शिक्षा और व्यापार पर चर्चा
कृषि से जुड़े कार्यों से राजस्थान को भी लाभान्वित किए जाने का आह्वान
जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से मंगलवार को लोकभवन में ऑस्ट्रेलिया के उच्च-स्तरीय राजनयिक पॉल मर्फी ने मुलाकात की। इस दौरान लोकभवन में आयोजित अनौपचारिक बैठक में उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, शिक्षा, और वाणिज्यिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। राजस्थान में भी उच्च शिक्षा, आदिवासी संस्कृति संरक्षण और कृषि में नवाचारों के सबंध में बैठक में विशेष रूप से चर्चा हुई। राज्यपाल बागडे ने उच्च शिक्षा में ऑस्ट्रेलिया के सफल नवाचारों, आदिवासी संस्कृति संरक्षण और शुष्क क्षेत्र में कम पानी में अधिक पैदावार से जुड़ी कृषि से जुड़े कार्यों से राजस्थान को भी लाभान्वित किए जाने का आह्वान किया।
पॉल मर्फी ने राज्यपाल बागडे की पहल पर राजस्थान के विश्वविद्यालयों के साथ ऑस्ट्रेलिया के उच्च शैक्षिक कार्यक्रमों के विनिमय की संभावनाओं पर कार्य करने पर सहमति जताई। बैठक में यह तय किया गया कि आने वाले दिनों में राजस्थान स्थित विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं एवं ऑस्ट्रेलिया के शिक्षाविदों और कुलपतियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद और चर्चा आयोजित होगी। इसके साथ ही अन्य शैक्षिक एक्सचेंज कार्यक्रमों और गतिविधियों के संबंध में भी संभावनाएं तलाश कर उन पर कार्य किया जाएगा।

Comment List