विधानसभा में हो रही भारत युवा संसद : देवनानी ने किया शुभारंभ, संविधान के 75 साल विषय पर 140 युवा रखेंगे अपनी बात
राष्ट्र मंडल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी मौजूद हैं
राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा द्वारा आयोजित इस युवा संसद में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राष्ट्र मंडल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी मौजूद हैं।
जयपुर। राजस्थान विधान सभा में राज्यस्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन हुआ। देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा देशभर में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इसका विधान सभा के सदन में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम कर शुभारंभ किया है। राजस्थान विधान सभा में केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वाधान में राष्ट्र मण्डल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा द्वारा आयोजित इस युवा संसद में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राष्ट्र मंडल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी मौजूद हैं।
देवनानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन राजस्थान विधान सभा के सदन में किया जा रहा है। केन्द्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम से जिला स्तर पर चयनित प्रदेश के युवाओं को अपने विचार रखने का मंच मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा नेतृत्व, जनभागीदारी और नीतिगत विषयों पर चर्चा कर अपनी प्रतिभा को राज्यस्तर पर बता सकेगे। इसके तहत युवा विधान सभा की संसदीय प्रक्रियाओं को भी समझ सकेंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान के सभी जिलों से चयनित 18 से 25 वर्ष के 140 युवा भाग लेंगे। विधान सभा में चर्चा हेतु युवाओं का चयन एक चयन प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया है। उन्होंने बताया कि 140 युवाओं में से तीन युवाओं का चयन होगा जो राष्ट्रीय युवा संसद में भाग लेंगे। सायं 7 बजे तक राजस्थान विधान सभा के सदन में इस युवा संसद की कार्यवाही का संचालन होगा।
Comment List