जयपुर में अवैध ई-रिक्शा के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 239 वाहन जब्त; दो दिन में 614 ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 5261 चालान व अन्य कार्रवाई
जयपुर, 20 अक्टूबर। राजधानी जयपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने अवैध एवं नियम विरुद्ध संचालित ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ रखा है। अभियान के तहत 19 और 20 अक्टूबर को व्यापक कार्रवाई करते हुए 614 ई-रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि नियमों की अवहेलना करने वाले 239 ई-रिक्शा को जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ आमजन को जाम और अव्यवस्था से राहत दिलाना है। पुलिस उपायुक्त, यातायात प्रवीण नायक नूनावत के निर्देशन में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्ती बरती जा रही है।
अभियान के तहत बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालित ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो की जांच की जा रही है। यातायात पुलिस की टीमों द्वारा ई-रिक्शा एवं ई-कार्ट चालकों के पहचान पत्र, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर वाहनों का निर्धारित नियमों के अनुसार संचालन करने की समझाइश भी दी गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, 19 एवं 20 अक्टूबर 2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कुल 5261 कार्रवाई की गई। वहीं, विशेष अभियान के दौरान 614 ई-रिक्शा के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 239 ई-रिक्शा जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Comment List