ऑपरेशन जमुहार में बड़ी कामयाबी : 90 किलो अफीम के साथ तस्करी नेटवर्क ध्वस्त, ट्रक के नीचे बना था तहखाना
पाली के सुखराम को नेटवर्क का मुख्य संदिग्ध
जयपुर। मणिपुर से राजस्थान तक फैले अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर एएनटीएफ और हरियाणा पुलिस ने महीनों की गुप्त निगरानी, तकनीकी विश्लेषण के बाद हरियाणा के सिरसा इलाके में ट्रक के गुप्त कैबिन से 4.50 करोड़ की 90 किलो अफीम बरामद की। आईजी विकास कुमार ने बताया कि लंबे समय से मणिपुर और उत्तर-पूर्वी राज्यों से राजस्थान में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लाने की जानकारी थी। एएनटीएफ ने ऑपरेशन जमुहार शुरू किया और विशेष टीमें तीन बार मणिपुर भेजी। जांच के दौरान पाली का सुखराम मणिपुर-राजस्थान के बीच यात्रा करते पाया गया। वह बार-बार फोन, वाहन और ठिकाने बदलता रहा, लेकिन एएनटीएफ टीम उसके पीछे लगी रही।
फास्टैग से मिला सुराग: जयपुर के पास नाकाबंदी में सुखराम पकड़ा गया, लेकिन उसकी कार से कोई मादक पदार्थ नहीं मिला। तकनीकी जांच में उसके पास एक संदिग्ध फास्टैग कार्ड का सुराग मिला। यह कार्ड एक ट्रक से जुड़ा था जो मणिपुर से असम, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश होते हुए हरियाणा में दाखिल हुआ था। ट्रक का फास्टैग भुगतान खुद सुखराम कर रहा था।
कोर्ड वर्ड में जोधपुर को श्रीनगर बोला: ट्रक सिरसा में रुक गया। जम्मू से एक सूत्रधार ने सुखराम को कोड वर्ड में संदेश भेजा रात तक श्रीनगर पहुंचना था, अब जम्मू ही रुकना पड़ेगा। पूछताछ में पता चला कि श्रीनगर का मतलब जोधपुर था।
ट्रक के नीचे बना था गुप्त तहखाना: हरियाणा पुलिस को ट्रक के निचले हिस्से में लोहे की प्लेटों से बना एक गुप्त केबिन मिला। उसे खोलने पर 95 पोटलियों में पैक 90 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक चालक किशनाराम (44) निवासी शिवपुरा पाली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पाली के सुखराम को नेटवर्क का मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है।

Comment List