भाजपा गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: मदन राठौड़ किसान सम्मान निधि के तहत राजस्थान के किसानों को मिले 17 हजार करोड़ रुपए से अधिक
पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार ही विकसित राजस्थान का आधार
जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पंचायती राज चुनाव केवल जनप्रतिनिधि चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और किसानों की खुशहाली को नई दिशा देने का अवसर हैं। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 76.18 लाख किसानों को 14,405 करोड़ रुपए से अधिक मिले हैं। वहीं, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छह किश्तों में 65 लाख से अधिक किसानों को 3,387 करोड़ रुपए दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक सहायता 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपए की गई है, जिसे बढ़ाकर 6,000 रुपए करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि 1.09 करोड़ किसानों को 67,293 करोड़ रुपए का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराया गया है। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित 59.53 लाख किसानों को 5,666 करोड़ रुपए का कृषि आदान अनुदान भी दिया गया है। राठौड़ ने कहा कि पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी बढ़ाना भाजपा का लक्ष्य है। पेयजल, सड़क, स्वच्छता और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती और गांवों का सर्वांगीण विकास ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है।

Comment List