बीजेपी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है : डोटासरा
संविदा और ठेका प्रथा का विरोध करती थी
जयपुर। पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने आरोप लगाया है कि राजस्थान में सरकारी भर्तियों का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के साथ भाजपा सरकार धोखा कर रही है।उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भाजपा संविदा और ठेका प्रथा का विरोध करती थी, लेकिन सत्ता में आकर स्थायी भर्तियों पर कैंची चला रही है। डोटासरा के अनुसार, 45 हजार स्थायी पदों में कटौती की गई है तथा 10 विभागों की 20 प्रमुख भर्तियों को संविदा और ठेके पर सौंप दिया गया है।
नर्सिंग ऑफिसर, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, जेटीए, सीएचओ, शिक्षक और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे पद नियमित कैडर के बजाय संविदा पर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार द्वारा लागू राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स-2022 का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा का दोहरा चरित्र बेनकाब हो चुका है और प्रदेश का युवा इसे माफ नहीं करेगा।

Comment List