हाड़ कंपाने वाली सर्दी : नौ जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाईं, कई जिलों में सुबह जमी दिखी बर्फ
कहीं शीतलहर के साथ घने कोहरे छाए रहने की संभावना
प्रदेश भर में सर्द हवाओं और गलन वाली सर्दी ने दिन और रात में ठिठुरन बढ़ा दी। कड़ाके की सर्दी के दौर में सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री से ज्यादा गिर गया। जैसलमेर, माउंट आबू, शेखावाटी सहित कई जिलों में सुबह के समय घने कोहरे के साथ बर्फ की हल्की चादर जमी नजर आई।
जयपुर। प्रदेश भर में सर्द हवाओं और गलन वाली सर्दी ने दिन और रात में ठिठुरन बढ़ा दी है। कड़ाके की सर्दी के दौर में सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री से ज्यादा गिर गया। जैसलमेर, माउंट आबू, शेखावाटी सहित कई जिलों में सुबह के समय घने कोहरे के साथ बर्फ की हल्की चादर जमी नजर आई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी हाड कंपाने वाली सर्दी रहने की संभावना जताते हुए इसके लिए उत्तरी भारत से आ रही बर्फीली हवाओं को कारण माना है। खराब मौसम के चलते सात जिलों में स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं।
मकर संक्राति तक नहीं होगा तापमान में बदलाव : मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरी भागों में आगामी तीन दिनों (यानि मकर संक्राति तक) में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन कहीं कहीं शीतलहर के साथ घने कोहरे छाए रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश इलाकों सहित प्रदेशभर में घना कोहरा और कड़ाके के सर्दी के बीच जगह-जगह हल्की बर्फ जमीं नजर आई। प्रदेश में रविवार को करीब 14 जिले (जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर, टोंक, दौसा, भरतपुर और नागौर) सर्द हवाओं और कोहरे के आगोश में नजर आए। इस वजह से जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में दिन भी में ठिठुरन बनी रही। राजस्थान में अधिकतम तापमान प्रतापगढ़ में 25.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान फतेहपुर सीकर में माइनस दो डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में सीजन में पहली बार तापमान माइनस दो से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ है।
इन जिलों में बढ़ाई छुट्यिां
तेज सर्दी के कारण सीकर के स्कूलों में पांचवीं क्लास के तक बच्चों की छुट्टियां 17 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। छठी से 12वीं क्लास तक के बच्चों का टाइम सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक कर दिया गया है। भरतपुर में पांचवीं क्लास तक के बच्चों की 12-13 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। डीग में कक्षा एक से आठ तक विद्यार्थियों का 12 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। जयपुर में प्री-प्राइमरी से पांचवी तक के विद्यार्थियों की 12 और 13 नवंबर को छुट्टी घोषित की गई है। हनुमानगढ़ में नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के बच्चों का 12 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। जालोर में प्री-प्राइमरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों की 12 जनवरी से 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। नागौर में शीतलहर के चलते पांचवी कक्षा के बच्चों की 12 और 13 जनवरी को छुट्टी और जैसलमेर में भी पहली से आठवीं तक के बच्चों का 14 जनवरी तक अवकाश रहेगा। दौसा में एक से आठवीं तक के बच्चों की 12 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है। इस दौरान इन जिलों में स्टाफ का समय यथावत रहेगा।
कई जगह जमीं नजर आई बर्फ, फ्लाइट्स कैंसिल: न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण जैसलमेर के रामगढ़ और चांधन जैसे कई क्षेत्रों में सुबह हल्की बर्फ जमी नजर आई। हिल स्टेशन माउंट आबू में भी ऐसे नजारे दिखे। उदयपुर में घने कोहरे के कारण सात फ्लाइट्स निरस्त कर दी गईं। सीकर जिले के अधिकतर हिस्सों में रविवार सुबह हल्की बर्फ जमी नजर आई। श्रीगंगानगर में घने कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री तक दर्ज हुआ, जो सीजन का सबसे कम तापमान था।

Comment List