वैश्य समाज की मंथन बैठक : समाज में एकता और विकास पर चर्चा, मुख्यमंत्री ने वैश्य समाज को बताया देश की आर्थिक रीढ़
बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया
भांकरोटा स्थित समुराई रिसोर्ट में अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की प्रांतीय कार्यकारिणी “मंथन बैठक” आयोजित। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उद्घाटन करते हुए युवाओं को रोजगार देने का संदेश। बैठक में वैश्य समाज के राजस्थान के 40 जिलों के पदाधिकारी शामिल। समाज में एकता, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी।
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, राजस्थान की प्रांतीय कार्यकारिणी की “मंथन बैठक” भांकरोटा स्थित समुराई रिसोर्ट में आयोजित की गई। बैठक का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। उन्होंने आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि युवा केवल रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हर जिले में वहां के प्रमुख उत्पादों की पहचान कर उसी स्थान पर प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाए तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र का समग्र विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज का देश की आर्थिक उन्नति में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान रहा है और आज भी यह समाज राष्ट्र को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
संगठन के राजस्थान प्रभारी ध्रुवदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष एन.के. गुप्ता, प्रदेश महामंत्री गोपाल गुप्ता तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेश कालानी ने बताया कि बैठक में राजस्थान के लगभग 40 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष और जिला कोषाध्यक्ष सहित प्रमुख पदाधिकारी भाग ले रहे हैं।
बैठक में संगठन के विस्तार, समाज में एकता सुदृढ़ करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक, शैक्षणिक व सेवा कार्यों को नई दिशा देने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। साथ ही “विकसित भारत–विजन 2047 में वैश्य समाज की भूमिका” विषय पर भी मंथन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास में वैश्य समाज का योगदान सदैव अग्रणी रहा है। वैश्य समाज देश की आर्थिक रीढ़ है। इस समाज ने हजारों वर्षों से देश की अर्थव्यवस्था को थामे रखा है। इस दौरान शर्मा ने यूपीएससी परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गौतम कुमार दक, सांसद मदन राठौड़, दामोदर अग्रवाल, विधायक कालीचरण सराफ सहित वैश्य समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Comment List