अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम भजनलाल का संदेश, कहा- योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं
योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
जयपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर क्रीड़ा भारती राजस्थान के पदाधिकारियों एवं राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबुलरी (आरएसी) के जवानों के साथ योग एवं प्राणायाम अभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। शर्मा ने प्रदेशवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की विधियों का अभ्यास कराया। क्रीड़ा भारती के प्रतिनिधियों और आरएसी जवानों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर योग दिवस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Comment List