परकोटा क्षेत्र का विकास एवं सौन्दर्यकरण सरकार की प्राथमिकता : दिया कुमारी
उप मुख्यमंत्री के समक्ष दिया सौन्दर्यकरण का प्रस्तुतिकरण
जयपुर परकोटे के हेरिटेज सिटी स्वरूप को बनाए रखने और संरक्षण के लिए बैठक आयोजित
जयपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में जयपुर परकोटे के हेरिटेज सिटी स्वरूप को बनाए रखने और इसके संरक्षण को लेकर सचिवालय में बैठक हुई। उप मुख्यमंत्री के समक्ष बैठक में परकोटे के हेरिटेज स्वरूप एवं इसके सौन्दर्यकरण के कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने आयुक्त नगर निगम (हेरिटेज) को निर्देश दिए कि परकोटा क्षेत्र का विकास एवं सौन्दर्यकरण सरकार की प्राथमिकता है। किन्तु उसके पुराने स्वरूप के अनुरूप होना चाहिए। वाल्ड सिटी के हेरिटेज स्वरूप को देखने प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक जयपुर भ्रमण के लिए आते हैं। इस बात को ध्यान में रखकर परकोटा क्षेत्र की विशेष साफ-सफाई, जगह-जगह डस्टबिन, परकोटा क्षेत्र के पर्यटक स्थलों के आसपास ही हेरिटेज लुक के टॉयलेट्स निर्मित करने हैं।
यातायात प्रबंधन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने परकोटा क्षेत्र में यातायात को लेकर विशेष प्रबंध करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। रामनिवास बाग स्थित पार्किंग के सुचारू संचालन एवं वहां से परकोटे में आने वाले यात्रियों को वाहनों की पर्याप्त सुविधा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही विरासत संग्रहालय की प्रगति के संबंध में निदेशक पुरातत्व की ओर से अवगत कराया कि इसे संग्रहालय के रूप में विकसित करने का कार्य प्रक्रियाधीन है।
बरामदों से अतिक्रमण को नियमित रूप से हटाए नगर निगम
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परकोटा क्षत्रे में दुकानदारों की ओर से बरामदों में सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया जाता है, इन्हें नियमित रूप से नगर निगम हटाए ताकि पैदल यात्री इनका उपयोग कर सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जलमहल एवं आमेर के संरक्षण एवं सौन्दर्यकरण के कार्य शीघ्र शुरू किए जाए। बैठक में नगर निगम हेरिटेज आयुक्त, पर्यटन, पुरातत्व सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Comment List