दिवाली सजावट: व्यापारी दो फाड़ महासंघ ने जताया आभार, मंडल ने उठाए सवाल
20 दिन की अनुमति की उठाई मांग
जयपुर। दिवाली पर जयपुर के बाजारों की सजावट को लेकर व्यापारिक संगठन दो धड़ों में बंटते नजर आ रहे हैं। जयपुर व्यापार महासंघ ने नगर निगम की ओर से सजावट की अवधि सात से बढ़ाकर 11 दिन करने के फैसले का स्वागत करते हुए आभार जताया है, वहीं जयपुर व्यापार मंडल ने इस अवधि को नाकाफी बताते हुए कम से कम 20 दिन करने की मांग उठाई है। जयपुर व्यापार महासंघ ने महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर और नगर निगम आयुक्त का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अतिरिक्त छूट से व्यापारियों को बाजारों में स्वागत द्वार, रोशनी और सजावट की व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
दूसरी ओर, जयपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष डॉ. ललित सिंह सांचोरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर सजावटी गेट लगाने की समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया है। मंडल का कहना है कि 11 दिन में गेट लगाने, सजावट पूरी करने और बाद में उसे हटाने की प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से मुश्किल है। बाजारों में दिवाली से 15 से 20 दिन पहले ही सजावट शुरू करने की परंपरा रही है।
मंडल ने चेताया कि निर्धारित अवधि में सजावट नहीं हटाने पर चालान की कार्रवाई का प्रावधान व्यापारियों के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। उसने समय सीमा कम से कम 20 दिन करने की मांग की है।

Comment List