चुनाव : 273 प्रत्याशियों के नामांकन वैध, कल तक नाम वापसी
समितियों में नामांकन की जांच पूरी
जयपुर। पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में जिले की पांच पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। अब प्रत्याशियों की तस्वीर 19 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि दूसरे चरण में पांच पंचायत समितियों के 81 वार्डों के लिए 13 से 16 अक्टूबर तक 347 अभ्यर्थियों ने 371 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच के बाद 273 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की है। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी। पंचायत समिति वार्डों के लिहाज से आमेर में सर्वाधिक 74 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं। यहां 97 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से 23 अस्वीकृत हुए। अमरसर में 80 नामांकन पत्रों में से 22 अस्वीकृत और दो डिस्कार्ड किए गएए जिसके बाद 56 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध रहे। जालसू में 64 नामांकन पत्रों में से 11 अस्वीकृत होने के बाद 53 अभ्यर्थी वैध पाए गए।
रामपुरा डाबड़ी में 56 नामांकन पत्रों में से 12 अस्वीकृत और दो डिस्कार्ड किए गए, जबकि 42 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध रहे। शाहपुरा में 74 नामांकन पत्रों में से 25 अस्वीकृत और एक डिस्कार्ड किया गया। यहां 48 अभ्यर्थी चुनाव लड़ने के पात्र पाए गए। दूसरे चरण के मतदान के लिए मतदान दल 27 अक्टूबर को रवाना होंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 28 अक्टूबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। सभी चरणों के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में होगी।

Comment List