राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में ‘बोतल से पानी’ पर ऐतिहासिक व्यवस्था, शत्रुघ्न गौतम को आसन की नसीहत
नियमों के पालन को लेकर आसन ने सख्त रुख अपनाया
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज सदन में एक अनोखी स्थिति देखने को मिली, जब राजस्व विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बीच बीजेपी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बोलते समय अपने बैग से छोटी बोतल निकालकर पानी पी लिया।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज सदन में एक अनोखी स्थिति देखने को मिली, जब राजस्व विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के बीच बीजेपी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बोलते समय अपने बैग से छोटी बोतल निकालकर पानी पी लिया। विधायक के इस कृत्य पर सदन की कार्यवाही संचालित कर रहे सभापति फूल सिंह मीणा ने तत्काल व्यवस्था दी।
सभापति ने स्पष्ट कहा कि बिना आसन की अनुमति कोई भी सदस्य सदन के अंदर पानी नहीं पी सकता। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नियमों के अनुसार सदन के भीतर पानी की बोतल ले जाना अनुमन्य नहीं है। सभापति की इस टिप्पणी के बाद सदन में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल रहा, हालांकि बाद में कार्यवाही सामान्य रूप से जारी रही। इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा रही कि सदन की गरिमा और नियमों के पालन को लेकर आसन ने सख्त रुख अपनाया।

Comment List