राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा को बढ़त: 309 नगरीय निकायों के परिणाम में BJP के 979 पार्षदों की जीत
रावतसर में भाजपा का नहीं खुला खाता
जयपुर। राजस्थान में 309 नगरीय निकायों में सदस्य पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना जारी हैं। अब तक हुई मतगणना में 47 नगर परिषदाें और 252 नगर पालिकाओं में भाजपा बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, झालावाड़ में कांग्रेस पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है यहां कुल 45 वार्डो में से 29 कांग्रेस ने जीत दर्ज कराई है। भाजपा ने 13 वार्ड जीते हैं। वहीं 2 वार्डो में निर्दलीय और 1 वार्ड में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को जीत हासिल हुई है। झालावाड़ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का क्षेत्र है और भाजपा का गढ़ माना जाता है। भाजपा ने बाड़मेर नगर परिषद में 15 साल बाद अपना दबदबा कायम किया है यहां भाजपा को 55 वार्डो में से 29 में जीत हासिल हुई है। सबसे ज्यादा चौकाने वाला परिणाम बांरा नगर परिषद का है यहां, अब तक 60 वार्डो में से 25 के नतीजे आ गए है इनमें आम आदमी पार्टी को 16, कांग्रेस को 6 और भाजपा को 3 वार्डो में सफलता मिली है। चुरू नगर परिषद के 60 वार्डो में से भाजपा को 30, कांग्रेस को 24 में जीत हासिल हुई है अन्य 6 वार्डो में निर्दलीयों ने अपना दबदबा कायम किया हैं।
आकोला नगर पालिका के 20 वार्डो में से कांग्रेस के 12 भाजपा ने 7 सीटें जीती है। वहीं 1 सीट पर निर्दलीयों ने बाजी मारी है। इसी प्रकार कपासन के 25 वार्डो में काग्रेस ने 13 सीटों पर जीत दर्ज कराई हैं। बामणवास नगर पालिका में कांग्रेस ने 9, भाजपा ने 7 और निर्दलीयों ने 4 सीटों पर अपनी जीत दर्ज कराई है। जैसलमेर नगर परिषद के 45 वार्डो में से भाजपा ने 25, कांग्रेस ने 16 और निर्दलीयों ने 4 वार्डो में जीत दर्ज कराई है। इसी प्रकार बालोतरा नगर परिषद में भाजपा ने बहुमत हासिल कर लिया है। यहां 55 वार्डो में से भाजपा ने 29, कांग्रेस ने 23 और निर्दलीयों ने 3 पर सफलता हासिल की है।
श्रीगंगानगर की सादुलशहर नगर पालिका में निर्दलीयों ने अपना दबदबा कायम किया है। यहां 25 वार्डो में से 22 पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है। भाजपा को 2 और कांग्रेस को 1 वार्ड में सफलता मिली है। दौसा जिले की महुवां नगर पालिका के 35 वार्डो में से भाजपा को 17, कांग्रेस को 4 और निर्दलीयों को 14 वार्डो में जीत हासिल हुई है। यहां, पति और पत्नी ने अलग अलग वार्डो से चुनाव जीता हैं। पालिका पूर्व अध्यक्ष वियज शंकर ने वार्ड संख्या 22 और उनकी पत्नी तथा पूर्व सरपंच प्रेम देवी ने वार्ड नंबर 25 से चुनाव जीता है। अजमेर नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही है।
धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डो में से कांग्रेस को 27, भाजपा को 11 , बसपा को 3 और 19 वार्डो में निर्दलीयों ने जीत दर्ज कराई है। हनुमानगढ़ जिले के रावतसर नगर पालिका में भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाया। यहां, कुल 35 वार्डो में से 17 में कांग्रेस और निर्दलीयों ने 18 वार्डो में बाज़ी मारी है।
घोषित परिणामों में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 979 सदस्यों की जीत के साथ सबसे आगे हो गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार दस नगर निगमों, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाओं की मतगणना सुबह आठ बजे शुरु हुई और इसके बाद धीरे धीरे चुनाव नतीजे घोषित होने लगे, जिसमें पूर्वाह्न ग्यारह बजे तक भाजपा के 979 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की जबकि कांग्रेस के 793, निर्दलीय 453, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) पांच, बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) चार एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) चार पार्षदों ने अब तक अपनी जीत हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि 309 निकायों में 38 हजार 889 उम्मीदवारों ने अपनी चुनावी किस्मत आजमाई। दो चरणों में 10167 वार्डों के लिए मतदान हुआ जबकि 77 वार्डों में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो गया।

Comment List