नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार से की मांग, कहा- पुलिस को जनता के साथ शालीनता से बात करने की हिदायत मिले
असंवेदनशील व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
जयपुर। जगतपुरा में पुलिस कार्यवाही के दौरान एक महिला के झुलसने की खबरों पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार से मांग की है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान पुलिस को जनता के साथ शालीनता से बर्ताव करने की हिदायत मिले। जूली ने कहा कि जयपुर के जगतपुरा में वीआईपी मूवमेंट के नाम पर पुलिसकर्मियों द्वारा ठेला पलटने से एक युवती का गंभीर रूप से झुलस जाना बेहद निंदनीय और विचलित करने वाला है।
एक तरफ जहां मुख्यमंत्री स्वयं ट्रैफिक न रोकने और लाल बत्ती पर रुकने की बात कहते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर पुलिस का यह अमानवीय चेहरा सामने आता है। कानून व्यवस्था और सुरक्षा के नाम पर अपनी रोजी-रोटी कमाने वाले गरीब आमजन के साथ ऐसा हिंसक और असंवेदनशील व्यवहार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उच्च अधिकारियों से निवेदन है कि दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई हो और पुलिस बल को जनता के साथ शालीनता से पेश आने की सख्त हिदायत दी जाए।

Comment List