राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून : 24 जिलों में येलो अलर्ट, 23 से 27 जुलाई तक अच्छी बारिश के आसार
लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान जारी
जयपुर। राजस्थान में लंबे ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होने लगा है। सोमवार सुबह भरतपुर, धौलपुर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में तेज बारिश हुई। धौलपुर में मूसलाधार बारिश के कारण बाजारों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार सोमवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो अगले तीन दिनों तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान मेघगर्जन, तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन अब अपनी सामान्य स्थिति के करीब पहुंच गई है और वर्तमान में गंगानगर, दिल्ली, लखनऊ और रांची से होकर गुजर रही है।
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के सक्रिय होने से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 20 जुलाई को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के कई क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है, जबकि कोटा और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 21 और 22 जुलाई से बारिश का दायरा और बढ़ेगा तथा जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 23 से 27 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश संभागों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने और लगातार बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है।

Comment List