इस माह देरी से आएगा बिजली बिल: 27 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं का बदला के. नम्बर
वैशाली, हनुमान नगर विस्तार, खातीपुरा के कुछ इलाके सहित कई इलाके नए सब डिवीजन में शामिल
जयपुर। जयपुर के बिजली सब डिविजनों में उपभोक्ताओं के बढ़ते भार के कारण नए सब-डिविजन बनाकर उपभोक्ताओं को इंजीनियर्स को राज्य सरकार ने राहत प्रदान की है। हाल ही में नया झोटवाड़ा सब डिविजन बनकर तैयार हुआ है। वहीं अब शहर के वैशाली नगर, हनुमान नगर विस्तार और खातीपुरा सहित कई इलाकों में करीब 28 हजार बिजली उपभोक्ताओं को शामिल करते हुए पीआरएन नॉर्थ में नया सब डिविजन बनाया है। इससे पहले इन क्षेत्रों का बोझ वैशाली नगर और बिंदायका सब डिविजन पर था। वहां इससे पहले करीब 90 हजार उपभोक्ता थे। लेकिन अब पीआरएन में नया सब डिविजन बनने से उपभोक्ताओं के बिजली का नया कनेक्शन लेने, लोड बढवाने, बिजली आपूर्ति सहित अन्य काम आसानी से हो सकेंगे। नया सब डिविजन बनने से नए सब डिविजन में शामिल हुए उपभोक्ताओं के के. नंबर बदल गए हैं। इसके चलते कई उपभोक्ताओं को इस माह का बिजली बिल अभी तक नहीं मिल पाया है। ऐसे में उपभोक्ताओं को बिल नहीं मिलने और जानकारी के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंजीनियर्स का कहना है कि कुछ दिनों में सभी उपभोक्ताओं को बिल जारी कर दिए जाएंगे।
ये है बिल में देरी की वजह
नए सब डिवीजन के गठन के बाद उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड और बिजली कनेक्शन से संबंधित विवरणों में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में पुराने के. नंबर के आधार पर बिल का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। उपभोक्ताओं को सलाह है कि वे बिल संबंधी जानकारी के लिए संबंधित बिजली कार्यालय से संपर्क करें और भुगतान की अंतिम तिथि की जानकारी भी प्राप्त कर लें।

Comment List